रांची।झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारिणी समिति की बैठक होटल जेनिस्टा इन में हुई।राज्य के शहरी क्षेत्र में बिना नक़्शे के बने भवनों को रेगुलराइज करने के लिए राज्य सरकार की पहल के लिए व्यापारियों ने एकमत से मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया और इसे सरकार का एक क्रांतिकारी निर्णय बताया।चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने सभी नागरिकों से नियमितीकरण योजना के प्रारूप का अध्ययन कर अपने सुझाव से सरकार को अवगत कराने की अपील की।उन्होंने कहा कि चैंबर द्वारा भी विभिन्न व्यापारिक व औद्योगिक संगठनों के साथ सात दिसंबर को एक बैठक का आयोजन कर, सुझाव लेकर, सभी सुझावों से सरकार को अवगत कराया जायेगा ताकि राज्य में एक जनप्रिय नीति बन सके और अधिकाधिक लोग इस नीति से लाभान्वित हो सकें।





राज्य में जारी पावरकट पर चिंता जताते हुए सदस्यों ने कहा कि किसी भी प्रदेश की आर्थिक उन्नति के लिए क़्वालिटी एवं क्वांटिटी विद्युत आपूर्ति की पर्याप्त उपलब्धता अनिवार्य है किंतु पिछले एक दशक से राज्य के विभिन्न व्यापारिक व औद्योगिक संगठनों के अनेकों प्रयास के बावजूद झारखण्ड बिजली वितरण निगम लिमिटेड द्वारा दी जा रही व्यवस्था में कोई गुणात्मक परिवर्तन नहीं हो सका है, जिस कारण राज्य की जनता त्राहिमाम की स्थिति में है। यदि उद्यमी प्रत्येक वर्ष इसी प्रकार विद्युत संकट का सामना करते रहेंगे, तब सरकार के लिए विकास के उद्देश्यों को प्राप्त करना मुश्किल हो जायेगा। प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और समग्र आर्थिक विकास के लिए जरुरी है कि राज्य की विद्युत व्यवस्था के अन्य विकल्पों पर शीघ्र पहल की जाय।व्यापारियों ने एकमत से राज्य की विद्युत वितरण व्यवस्था को प्रोफेशनल्स के हाथों में सौंपने की मांग की जिसपर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने उर्जा सचिव के साथ वार्ता की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के सभी जिलों में फेडरेशन द्वारा संगठन विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। इसी अनुरूप प्रत्येक माह विभिन्न जिलों का दौरा कर, स्थानीय समस्याओं के समाधान की पहल की जा रही है।





बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पलामू जिले के खासमहल की समस्या,डाल्टनगंज और गुमला में एक नये औद्योगिक क्षेेत्र की स्थापना पर भी वार्ता की। बैठक के दौरान चैंबर की सदस्यता के लिए प्राप्त 55 आवेदनों को स्वीकृति दी गई।इस दौरान व्यवसायिक संघ टंडवा को भी सम्बद्धता दी गई।चैंबर महासचिव डॉ.अभिषेक रामाधीन ने चैंबर की भावी योजनाओं से अवगत कराते हुए कहा कि जीएस मार्केटिंग एसोसियेट्स के संयुक्त तत्वावधान में फरवरी 2023 में रांची के मोरहाबादी मैदान में वृहद् स्तर पर ट्रेड फेयर का आयोजन किया जायेगा। चैंबर अध्यक्ष ने अपील करते हुए कहा कि दुकान के सामने गाडी पार्क करने पर दुकानदार पर जुर्माना की खबरों से व्यापार जगत में संशय की स्थिति बनी हुई है। यदि ऐसी कोई समस्या आ रही हो,तो दुकानदार चैंबर के संज्ञान में लायें।





बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष अमित शर्मा,महासचिव डॉ.अभिषेक रामाधीन,सह सचिव रोहित पोद्दार, शैलेश अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय कुमार, राजेश महतो, कार्यकारिणी सदस्य ज्योति कुमारी, मनीष सर्राफ, नवजोत अलंग, परेश गट्टानी, राहुल मारू, राहुल साबू, राम बांगड, रोहित अग्रवाल, विकास विजयवर्गीय, पूर्व अध्यक्ष आरके सरावगी, रतन मोदी, पवन शर्मा, विनय अग्रवाल, रंजीत गाडोदिया, प्रवीण जैन छाबडा, सदस्य प्रदीप राजगढिया, काशी कनोई, प्रेम मित्तल, प्रमोद नारंग, अनुराग सिंह, सुबोध गुप्ता, जेसीपीडीए अध्यक्ष संजय अखौरी, पलामू चैंबर के सचिव इंद्रजीत सिंह डिंपल, शराब संघ के सुबोध जयसवाल, गुमला चैंबर अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, सदस्य निरंजन शर्मा, अमित किशोर, विवेक अग्रवाल, सुनिल सरावगी, तुलसी पटेल, प्रमोद सारस्वत, आस्था किरण, बिनोद बक्सी, विजय शंकर, विनय छापडिया, श्रवण राजगढिया, सुनिल माथुर, प्रमोद श्रीवास्तव, खुशबू कटारूका मोदी, जेपी शर्मा, संदीप नागपाल, अल्तमश आलम, मनोज मिश्रा के अलावा सैंकड़ों की संख्या में उप समिति चेयरमेन, सम्बद्ध संस्थाओं के पदाधिकारी और विशेष आमंत्रित सदस्य उपस्थित थे।