रांची।झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव की तैयारी में कमर कसकर जुटी हुई हैं।इसी कड़ी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार रात राजधानी रांची पहुंचे हैं।आज रविवार को अमित शाह झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे और तीन रैलियों को भी संबोधित करेंगे।बता दें कि 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए में 13 और 20 नवंबर को चुनाव होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी।
भाजपा ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को रांची में झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी करेंगे।दिन में घाटशिला,बरकट्ठा और सिमरिया विधानसभा क्षेत्रों में तीन जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 नवंबर को झारखंड का दौरा करेंगे और दो जन सभाओं को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के दौरे के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 5 नवंबर को जमशेदपुर में एक जनसभा करेंगे।
भाजपा नेताओं ने बताया कि अमित शाह झारखंड के गठन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भाजपा के घोषणापत्र के 25 प्रमुख बिंदुओं और आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 150 बिंदुओं वाला दस्तावेज जारी कर सकते हैं।बता दें कि झारखंड का निर्माण 15 नवंबर 2000 को हुआ था,जो बिरसा मुंडा की जयंती भी है।
इससे पहले 5 अक्टूबर को भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र के पांच प्रमुख बिंदु जारी किए थे, जिसमें महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता, युवाओं को पांच लाख नौकरियां और सत्ता में आने पर सभी के लिए आवास का वादा किया गया था।
झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान,अन्नपूर्णा देवी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा की मौजूदगी में पंच प्रण (पांच वचन) जारी किए थे।पंच प्रण के अनुसार राज्य के परिवार 500 रुपये में एलपीजी गैस सिलेंडर खरीद सकेंगे। इसके अलावा साल में दो सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे।इसके अलावा सरकारी विभागों में 2.87 लाख रिक्त पदों को भरा जाएगा। पहली कैबिनेट बैठक के बाद ही नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और नवंबर 2025 तक 'पांच वचनों' के अनुसार 1.5 लाख पद भरे जाएंगे।अगर भाजपा सत्ता में आती है तो वह ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों को दो साल तक 2,000 रुपये की वित्तीय सहायता भी देगी, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।
भाजपा महिलाओं को सशक्त बनाने के अपने मिशन के तहत गोगो-दीदी योजना शुरू करेगी और इस कार्यक्रम के तहत महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की सहायता मिलेगी। भाजपा के घोषणापत्र में सभी के लिए आवास भी प्रतिबद्धताओं में शामिल है।





