जामताड़ा।झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव की तैयारी में कमर कसकर जुटी हुई हैं।सभी पार्टियों के प्रत्याशी जीत के लिए सभी हथकंडे अपना रहे हैं।आरोप प्रत्यारोप का दौर भी जारी है।जामताड़ा विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार सीता सोरेन की दोनों बेटियां जयश्री और विजयश्री ने कांग्रेस उम्मीदवार मंत्री इरफान अंसारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।यह शिकायत उन्होंने अपनी मां सीता सोरेन के खिलाफ हाल ही में अंसारी द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणी को लेकर दर्ज कराई है।साथ ही उन्होंने बताया कि अंसारी ने हमारे खिलाफ भी टिप्पणी करते हुए हमारे चरित्र पर सवाल उठाए। ऐसे में उन्हें पुलिस व मीडिया के सामने आकर अपने आरोपों का आधार बताना होगा। बता दें कि सीता सोरेन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी हैं।





इस बारे में जानकारी देते हुए सीता सोरेन की बड़ी बेटी जयश्री ने कहा कि हाल ही में डॉक्टर इरफान अंसारी जी ने मेरी मां के लिए एक टिप्पणी की थी।उन्हें रिजेक्टेड माल कहा था।उन्होंने जो माल शब्द का इस्तेमाल किया है वह महिलाओं के लिए बहुत ही खराब शब्द है,क्योंकि ऐसे शब्द का प्रयोग करके कोई भी इंसान इससे बच नहीं सकता और अगर इसको बोल करके वो कह रहे हैं कि फ्लो में निकल गया तो यह नहीं चलेगा। जयश्री ने कहा कि फ्लो में अगर आप किसी की मां को माल, अच्छा माल या बुरा माल ऐसे शब्द बोलेंगे तो वो बहुत ही खराब लगता है।वह तो एक मंत्री भी हैं, उसके बाद भी वो हमारी मां के लिए इस तरह के शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो हम तो इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे।





जयश्री ने कहा कि उसके बाद भी सोशल मीडिया में एक वीडियो आया, जहां उन्होंने बोला कि उनकी दो बेटी है, जिन्होंने किसी रविन्द्र महतो के बेटे को फंसाया है। 19 साल के हैं वो, तो कौन है वो बेटा, कौन है रविन्द्र महतो, क्या फंसाया है, स्पष्ट रूप से बताइए।क्योंकि जो उन्होंने बोला है, उसकी वजह से हमारे परिवार की बदनामी हो रही है। जयश्री ने कहा कि आप एक विधायक हैं, मंत्री हैं।आप विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं और आपके सामने जो उम्मीदवार हैं, उनकी बेटियों पर आप जिस तरह की टिप्पणी कर रहे हैं, वह आपको किस तरह से शोभा देता है।





सीता सोरेन की दूसरी बेटी विजयश्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी औरत के ऊपर चाहे वह किसी भी समुदाय की क्यों ना हो, वो ऐसे लांछन नहीं लगा सकता। वह हमारे चरित्र के ऊपर भी लांछन लगा रहे हैं, उंगली उठा रहे हैं, जो कि आधारहीन है। अगर आप एक बेसलेस पॉइंट मीडिया के सामने रख रहे तो वह हमारे कैरेक्टर के ऊपर हमला हुआ।





विजयश्री ने कहा कि वे चरित्र हनन कर रहे हैं, पता नहीं क्यों और किस लिए। हम चाहते हैं कि वह मीडिया और थाने में आएं और स्पष्ट करे कि हमने किसे और कैसे फंसाया है। क्योंकि न तो हमने कभी खुद रविन्द्रनाथ माथुर जी से और न ही कभी उनके बेटे से किसी भी तरह की बातचीत की है। तो वह किस आधार पर बोल रहे हैं, उनको सामने आना चाहिए और इस बारे में बताना चाहिए कि हां मैंने ऐसा देखा या वैसा देखा और मैं इस आधार पर बोल रहा हूं। किसी की भी बेटी के खिलाफ वो इस तरह से नहीं बोल सकते।





जयश्री ने कहा कि वो मीडिया में आकर किसी भी आधार पर उल-जुलूल आरोप नहीं लगा सकते। मैंने ट्विटर पर भी यह बात लिखी थी कि अगर रविन्द्रनाथ माथुर जी के बेटे या उनसे खुद हमने (मैंने या मेरी बहनों ने) कभी भी बातचीत की है तो वह आगे आकर इस बात की पुष्टि करें‌ कि बात की है या नहीं की है, लेकिन अबतक किसी भी तरह की कोई भी पुष्टि नहीं हुई है।





बता दें कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के मुखिया शिबू सोरेन के छोटे बेटे हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और धन शोधन मामले में जेल जाने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर परिवार में मतभेद होने पर दुर्गा सोरेन की पत्नी सीता सोरेन इस साल की शुरुआत में भाजपा में शामिल हुई थीं।दुर्गा सोरेन शिबू सोरेन के बड़े बेटे थे जो अब इस दुनिया में नहीं हैं।