रांची।झारखंड को उत्तर दिशा से आ रही सर्द हवाओं ने शीतलहर की चपेट में ले लिया है। कई जिलों में पारा पांच डिग्री तक पहुंच गया।राज्य के आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में न्यूतनतम तापमान पांच डिग्री पर पहुंच गया।

शनिवार को कांके में पारा चार डिग्री रहा,मैकलुस्कीगंज में तीन डिग्री रहा,गुमला, लोहरदगा में भी पारा दो डिग्री पर रहा।
राजधानी रांची शहर का तापमान भी आठ से नीचे रहा।मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकतर हिस्सों में अगले 24 घंटे में तपामान तीन से चार डिग्री तक गिरेगा।

मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी से उत्तर दिशा से सर्द हवाओं का बहाव तीव्र होने से राज्य के आधा दर्जन से अधिक जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे चला गया।अगले 24 घंटे के दौरान झारखंड के उत्तरी और मध्य भाग में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस और दक्षिणी भाग के पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में पारा तीन से चार डिग्री सेल्सियस नीचे जा सकता है।

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से पूरा उत्तर-पश्चिम भारत शीतलहर की चपेट में है।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा।औसत न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया।मौसम विभाग के मुताबिक,सोमवार को ठिठुरन भरी ठंड के साथ दिन में शीतलहर चलेगी और अगले दो दिनों तक राहत मिलने की संभावना नहीं है।

राजस्थान का चूरू में सबसे ठंडा रहा।यहां पारा शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। सीकर में 2.5 डिग्री सेल्सियस जबकि रेवाड़ी में 20 साल में पहली बार तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बावल अनुसंधान केन्द्र के अधिकारी हरपाल सिंह ने कहा कि अभी सर्दी और बढ़ने की उम्मीद है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दो दिनों तक शीतलहर का प्रकोप तेज होने की संभावना हैं। उत्तराखंड और पंजाब तथा हरियाणा में घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तर और पश्चिम भारत का मैदानी इलाका मंगलवार तक 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं की चपेट में रहेंगा और इससे ठंड का प्रतिकूल असर बढ़ जाएगा। उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक शीत लहर और तेज होगी। राजस्थान के कई शहरों में भी गलन पैदा करने वाली ठंड पड़ रही है,लेकिन तीन दिन बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से राहत मिलने की संभावना है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में पाला पड़ने की संभावना है और अगले चार दिन तक बारिश का आसार नहीं हैं।मौसम शुष्क रहेगा।देहरादून में बीते दो दिन ठिठुरन के बाद रविवार को ठंड से कुछ राहत मिली। दून में धूप निकलने से दिन के समय ठंड का असर कम रहा और तापमान में भी हल्का उछाल आया है।

रविवार की सुबह खलारी के मैकलुस्कीगंज का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह में कोहरे के साथ ठंडी हवाओं ने कपकपी बढ़ा दी।ठंडी हवाओं की ठिठुरन से लोग घरों में दुबके रहे। धूप निकलने के बाद भी सर्द हवाएं लोगों को बेहाल कर रही थीं। ठंड का असर बाजारों पर भी देखा गया। बाजार में लोगों की भीड़ अन्य दिनों से कम रही।

मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों में अगले 24 घंटे में तीन से चार डिग्री तक पारा गिरने की आशंका जाहिर की है।मौसम विभाग ने कहा कि अभी सर्दी अपना सितम और बढ़ायेगी। विशेषकर राज्य के दक्षिणी भाग में उत्तर से आने वाली सर्द हवा के कारण पारा तेजी से नीचे जाएगा।

कश्मीर में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही। शनिवार रात को तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो शहर में अभी तक इस मौसम का सबसे कम तापमान है।