प्रतिनिधि,जमशेदपुर। सोनारी क्षेत्र के कागलनगर गुरुद्वारा के पास टाटा स्टील कंपनी ने सीएसआर के तहत स्थानीय लोगों को नए साल में ओपन जिम पार्क का तोहफा दिया है। जिसका उद्घाटन शुक्रवार की संध्या स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी, टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा, जुस्को श्रमिक यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडे और सांसद विद्युत वरण महतो के प्रतिनिधि चितरंजन वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस दौरान सांसद किसी कारणवश मौके पर नहीं पहुंच सके थे। उद्घाटन के बाद सभी ने पौधारोपण भी किया। वहीं मंच का संचालन करते हुए सीनियर जीएम कैप्टन धनंजय मिश्रा ने कहा कि पहले यह जगह खाली थी और जहां पर कमर्शियल वाहनों को खड़ा किया जाता था। साथ ही इलीगल एक्टिविटीज भी होती थी। जिसको देखते हुए यहां 5000 स्क्वायर मीटर में भव्य पार्क का निर्माण किया गया। जिसमें 750 स्क्वायर मीटर का लोगों के टहलने के लिए ट्रैक भी बना हुआ है। पार्क में 18 ओपन जिम की मशीनें लगी हुई है। जबकि यहां टहलने आने वाले बुजुर्गों के लिए 16 बेंच भी लगाए गए हैं और तो और बच्चों के लिए तीन झूलें भी लगे हैं। पार्क में महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। वहीं टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी ने कहा कि पूरे जमशेदपुर शहर के 300 एकड़ जमीन में लोगों के लिए 50 पार्क का निर्माण किया गया है। इन पार्कों में लोग सुबह शाम टहलकर खुद को स्वस्थ रख सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के द्वारा भी उन्हें पार्क निर्माण के लिए कहा गया था। जिसके तहत यहां पार्क का निर्माण किया गया। जबकि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जमशेदजी नौशेरवान जी टाटा को यह शहर जीवंत देवता के रूप में पूजता है। यह शहर निर्मल दा जैसे आंदोलनकारियों का शहर है। जिन्होंने जल, जंगल और जमीन के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। पार्क के निर्माण होने से स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिली है और वे रोज सुबह शाम यहां टहलकर इसका लुफ्त उठा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि शहर में अपराध का ग्राफ घटा है और जिसके लिए उन्होंने एसएसपी को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने टाटा स्टील के एमडी सह सीईओ टीवी नरेंद्रन से पूरे शहर में 204 सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह भी किया है। जिससे शहर में माताएं बहनें बेझिझक होकर घूम सके। उन्होंने नदियों को पर्यावरण से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि शहर से निकलने वाले नालों का गंदा पानी नदियों को दूषित कर रहा है। जिसके समाधान के लिए उन्होंने जिले की उपायुक्त से भी बात की। जिसके तहत नालों से निकलने वाले गंदे पानी को फिल्टर करने के बाद ही नदियों में छोड़ने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जल के बिना जीवन ही संभव नहीं है। इसलिए हम सभी को मिलकर हर हाल में नदियों को स्वच्छ रखना है। इस दौरान उन्होंने पार्क के लिए टाटा स्टील को धन्यवाद भी दिया। इस दौरान भव्य पार्क निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सदस्यों संजीव झा, बलविंदर, पार्थो लायक, एनी अंसारी, शशिकांत, आनंद नाग, ध्रुव और तापेस लाल को स्वास्थ मंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया। मौके पर टाटा स्टील यूआईएसएल कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन की सुकन्या दास समेत अन्य भी मौजूद थे।





