टेल्को में पता पूछने के बहाने आरोपियों ने हथियार के बल पर कार सवार से लूटी सोने और चांदी की चेन
देसी कट्टा के साथ एक गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बीते 25 दिसंबर की संध्या लगभग 6:30 बजे टेल्को थाना अंतर्गत सबूज कल्याण संघ के पास स्कूटी सवार तीन आरोपियों ने कार सवार प्रकाश कुमार से पता पूछने के बहाने हथियार के बल पर भय सोने और चांदी की तीन चेन लूटकर फरार हो गए। जबकि घटना के समय प्रकाश ने शोर भी मचाया। मगर तब तीनों आरोपी फरार हो चुके थे। जिसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी थाने में जाकर दी। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान के क्रम में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटों के अंदर मामले में शामिल आरोपी सीतारामडेरा भुइंयाडीह निवासी करण भुइंया को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा और लूटा हुआ चांदी का एक चेन भी बरामद किया है।
मामले का खुलासा मंगलवार एसपी सिटी के विजय शंकर ने पुलिस ऑफिस सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में किया। उन्होंने बताया कि भुक्तभोगी प्रकाश कुमार अपने दोस्त आशीष के साथ 25 दिसंबर की शाम 6.30 बजे कार से सोनारी जाने के लिए निकले थे। इसी बीच टेल्को सबूज कल्याण संघ के पास स्कूटी पर सवार तीनों आरोपी ने उनकी कार को रोका। जिसमें से एक बदमाश पता पूछने के बहाने सामने आया और हथियार निकालकर गले से 20 ग्राम की एक सोने की चेन और 15 ग्राम के दो चांदी की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद जांच के क्रम में टेल्को थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि टेल्को रिवर व्यू कॉलोनी के पास तीन लड़के स्कूटी से संदिग्ध अवस्था में इधर-उधर घूम रहे हैं। जिसकी जानकारी अनुसंधानकर्ता समेत टैंगो और गस्ती पार्टी को दी गई। सूचना पाकर पुलिस जब छापेमारी करने पहुंची तो तीनों आरोपी पुलिस को देखकर स्कूटी से भागने लगे। जिसमें से एक भागने के क्रम में स्कूटी से नीचे गिर गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो आरोपी भागने में सफल रहे।गिरफ्तार आरोपी की जांच करने पर पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा और प्रकाश कुमार से लूटा हुआ चांदी की चेन भी बरामद की है।
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी करण भुइंया के खिलाफ कदमा और सीतारामडेरा थाने में दो अलग-अलग मामले भी दर्ज है। साथ ही मौके से फरार उसके अन्य दो साथियों के खिलाफ भी शहर के कई थानों में मामला दर्ज है। जिनकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस छापेमारी भी कर रही है। छापेमारी दल में टेल्को थाना प्रभारी रणविजय शर्मा, एसआई राजेंद्र कुमार, अमीश कुमार, जयकांत कुमार राय, आरक्षी 75 हेमंत तंतूबाई, 311 मो. हेसामुद्दीन खान और 1706 रतन पासवान समेत सशस्त्र पुलिस बल शामिल थी।





