देवरिया।ट्रैक्‍टर-ट्राली और तेज रफ्तार बोलेरो में भीषण टक्‍कर हो गई। जिसमें तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। जान गंवाने वाली एक महिला गर्भवती बताई जा रही हैं। इस हादसे के कारण एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को मौके से हटवाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के मझौली राज कस्बा के नोनिया टोला के रहने वाले अलाउद्दीन की पत्नी 32 वर्षीय सुहाना गर्भवती थी।सुहाना की बुधवार देर रात तबीयत खराब होने पर परिजन उसे लेकर बोलेरो से सलेमपुर के सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र जा रहे थे।बोलेरो में 30 वर्षीय सबीना, 32 वर्षीय सोनी और रेहाना सवार थीं। सलेमपुर- मैरवा मार्ग पर भंगड़ा भवानी मंदिर के पास सड़क पर बने ब्रेकर पर तेज गति से जा रही बोलेरो उछलकर सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई।

इस हादसे में सुहाना, सबीना और सोनी की मोके पर ही मौत हो गई और अलाउद्दीन और रेहाना घायल हैं‌।घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे सभी लोगों को निकालने के लिए जुट गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना पाकर मौके पर इंस्पेक्टर नवीन मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे और सभी घायलों को आनन-फानन में सलेमपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने सबिना, सोनी और सहना को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बोलेरो और ट्रैक्टर के ड्राइवर मौके से फरार हो गए। हादसे में वाहन के परखच्चे उड़ गए। एक घंटे से अधिक समय तक सलेमपुर मैरवा मार्ग पर आवागमन ठप रहा।