प्रतिनिधि,हंटरगंज(चतरा)। हंटरगंज प्रखंड के ढेबो गांव में एक महिला के साथ डायन बिसाही का आरोप लगाकर जमकर मारपीट की गई। मारपीट का विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी बेटी के साथ भी बेरहमी से मारपीट कर दिया। पीड़िता ढेबो गांव के चमेली देवी और उसकी बेटी शोभा कुमारी है।
चमेली देवी ने बताया कि उसके बड़ी गोतनी रेखा देवी और देवर कारु यादव उस पर डायन बिसाही का आरोप लगाकर उसे अपने साथ जबरन ओझा के पास देवास ले जा रहे थे। जब महिला ने जाने से इंकार किया तो महिला को उसकी गोतनी और देवर ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर घर से जबरन बाहर निकाला और उसके साथ बेरहमी से मारपीट किया। जब पीड़िता की बेटी उसे बचाने आई तो आरोपियों ने उसके साथ भी जमकर मारपीट किया। गांव वालों ने हस्तक्षेप कर दोनों मां बेटी को उनके चंगुल से छुड़ाया।
पीड़िता चमेली देवी ने बताया कि उसका देवर कारु यादव अपने बेटे के मौत और बड़ी गोतनी रेखा देवी अपने पति के पैर टूटने का कारण चमेली देवी के द्वारा किया गया ओझा गुनी करना बताते है और उसे प्रताड़ित करने का काम करते हैं। पीड़ित मां बेटी ने हंटरगंज थाना में मामले से संबंधित आवेदन दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।





