प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में पद्मभूषण डॉ जेजे ईरानी की स्मृति में आज शुक्रवार से कॉइन कलेक्टर्स क्लब जमशेदपुर द्वारा 28वीं तीन दिवसीय सिक्को की प्रदर्शनी जैमकॉइन का शुभारंभ किया जाएगा। प्रदर्शनी 6 से 8 जनवरी तक चलेगी। जिसमें प्राचीन और दुर्लभ सिक्के शामिल रहेंगे। प्रदर्शनी की अध्यक्षता बीबी सिंह द्वारा किया जाएगा।





उक्त जानकारी गुरुवार साकची स्ट्रेट माइल रोड स्थित कॉइन कलेक्टर्स क्लब जमशेदपुर के कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर दी गई। जिसमें बताया गया कि सिक्के अपने काल की सभ्यता, संस्कृति और विज्ञान का दर्पण होता है। साथ ही हर सिक्का अपने आप में इतिहास समेटे हुए हैं। मौद्रिक विज्ञान गहन अध्ययन और शोध का विषय है। साकची स्ट्रेट माइल रोड स्थित कॉइन कलेक्टर्स क्लब शहर का एकमात्र सिक्का संग्रहालय है। जिसे पद्मभूषण डॉ जेजे ईरानी के सौजन्य से टाटा स्टील द्वारा प्रदान किया गया है। जिसका लाभ शहर के लोग लेते हैं।





प्रदर्शनी में प्राचीन, देसी, विदेशी, मुगलकालीन, मध्यकालीन और राजाओं के समय के सिक्के प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रदर्शनी में पश्चिम बंगाल कोलकाता, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के भी सिक्के शामिल रहेंगे। लोगों के साथ साथ डीलरों के लिए भी यह प्रदर्शनी निःशुल्क रहेगी। पहले शुल्क के कारण दो से तीन डीलर ही प्रदर्शनी में हिस्सा लेते थे। मगर इस बार 22 डीलर हिस्सा लेंगे। साथ ही 22 सदस्य भी शामिल रहेंगे।





प्रदर्शनी के क्वीज और चित्रांकन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए शहर के 15 स्कूलों के बच्चों को आमंत्रित किया गया है। जबकि प्रदर्शनी में पहली बार कटा फटा, डबल प्रिंट, नंबर कटा समेत अन्य नोटों का कलेक्शन दिखेगा। जिसके तहत पहला, दूसरा व तीसरा पुरस्कार का वितरण भी किया जाएगा। प्रदर्शनी में क्लब के 22 सदस्य डिस्प्ले भी करेंगे। वहीं वार्ता के दौरान टाटा स्टील यूआईएसएल कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन की सुकन्या दास ने स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को प्रदर्शनी में शामिल होने की अपील भी की है। मौके पर क्लब के अध्यक्ष बीबी सिंह, महासचिव पी बाबू राव समेत अन्य भी मौजूद थे।