विशेष संवाददाता
रांची।झारखंड राज्य हज कमिटी के सदस्य सह मस्जिद जाफरिया रांची के इमाम व खतीब हजरत मौलाना हाजी सैयद तहजीबुल हसन रिजवी को मुंबई के कांफ्रेंस में ऑल इंडिया शिया पर्सनल लाॅ बोर्ड, झारखंड का चेयरमैन बनाया गया। शिया पर्सनल लॉ बोर्ड हिंदुस्तान के तकरीबन आठ करोड़ शिया मुसलमानों की आवाज है। शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के कांफ्रेंस की अध्यक्षता हजरत मौलाना सैयद मेहंदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने की।संचालन फखरे मिल्लत हजरत मौलाना मिर्जा यासूब अब्बास, महासचिव, ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने किया।
कांफ्रेंस को मुख्य रूप से मौलाना हाजी सैयद तहजीब उल हसन रिजवी, नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिया पर्सनल लॉ बोर्ड, झारखंड, मौलाना मिर्जा एजाज अतहर लखनऊ, मौलाना जहीर अब्बास मुंबई, सैयद मो. असलम सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे। मौलाना रिजवी ने आपसी एकता को वक्त की जरूरत बताते हुए कहा कि शिया पर्सनल लॉ बोर्ड किसी एक इंसान की आवाज नहीं बल्कि भारत में बसने वाले आठ करोड़ शिया मुसलमानों की आवाज का नाम है। उन्होंने भारत सरकार से आबादी के हिसाब से हर बोर्ड निगमों में हिस्सेदारी सुनिश्चित कराने की मांग की।उन्होंने कहा कि राज्य की सरकारें भी हमें हमारे हक से वंचित रखती है, अब हम सो कर नहीं जागकर हिस्सेदारी लेंगे।
मौलाना सैयद तहजीब उल हसन को झारखंड का अध्यक्ष मनोनीत होने पर ईमान फाउंडेशन के अध्यक्ष बनदे अली साहब, अकबर रतनसी, फखरुल हसन, मौलाना साएम मेहंदी, मौलाना यासूब अब्बास, मौलाना मिर्जा जाफर अब्बास लखनऊ, मौलाना हसन अकबर जौनपुर, मौलाना उम्मीद आज़मी, मौलाना अकील तोराबी, मौलाना जहीर अब्बास मुंबई सहित अन्य ने मुबारकबाद दी है। वहीं, झारखंड के शिया चेयरमैन बनाए जाने पर रांची के पत्रकार आदिल रशीद, सेंट्रल मुहर्रम कमिटी के अकिलुर रहमान, हाजी हलीम, जमीयतुल इराकीन के अध्यक्ष अब्दुल मन्नान, अब्दुल खालिक, जमीयत उलेमा झारखंड के शाह उमैर, झारखंड के इस्लामिक स्कॉलर हजरत मौलाना सैयद मूसवी रजा, कांग्रेस के सैयद हसनैन जैदी, सैयद मेहदी इमाम, सर्व इंडिया फाउंडेशन के सैफूल हक, सैयद नेहाल, पत्रकार गुलाम शाहिद समेत सैंकड़ों लोगों ने मुबारकबाद पेश की।





