शाहजहांपुर।उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मालिक ने अपने नौकरों पर चोरी का आरोप लगाते हुए तालिबानी सजा दे डाली।मालिक ने नौकरों को पहले बांधा फिर जंजीर से लटकाया और उसके बाद कोड़े बरसाए।इतने से भी जब इच्छा नहीं पूरी हुई तो बिजली का करंट लगा दिया।मालिक ने अपने 7 गुंडों के साथ मिलकर नौकरों को इतनी बेरहमी से पीटा कि,जिससे एक नौकर की मौत हो गई।मृतक नौकर की पिटाई वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो में आधा दर्जन से भी अधिक गुंडे मृतक नौकर को रस्सी से बांधकर डंडे बरसा रहे हैं।





थाना सदर बाजार पुलिस ने आरोपी मालिक समेत 7 लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजीजगंज के रहने वाले मृतक शिवम उर्फ अंशुल के घर वालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।मामले को गंभीर देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।





11 अप्रैल मंगलवार को सूरी ट्रांसपोर्ट में मैनेजर का काम करने वाले शिवम उर्फ अंशुल को उसके मालिक बंकिम सूरी ने कटिया टोला स्थित कन्हैया हौजरी वालों के यहां तालिबानी सजा देकर शिवम को मौत के घाट उतार दिया।इसके अलावा सूरी ट्रांसपोर्टर पर काम करने वाले तीन और नौकरों को भी कन्हैया हौजरी के यहां जंजीर से लटका कर पीटा गया।मालिकों द्वारा दी गई तालिबानी सजा की दास्तां रोंगटे खड़े कर देने वाली है।





मेडिकल कॉलेज में अपना इलाज करा रहे सूरी ट्रांसपोर्टर के नौकरों का आरोप है कि उन्हें घर से बुलाया गया और फिर कन्हैया हौजरी के अंदर ऊपर की मंजिल पर ले जाकर सबसे पहले उन तीनों को बांध दिया गया, उसके बाद उनको जंजीर से छत में लगे कुंडे के सहारे से लटका दिया गया और फिर कन्हैया हौजरी वाले मालिक और ट्रांसपोर्ट के मालिक समेत 7 गुंडों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की।





नौकर का कहना है कि मालिक उन पर कपड़ों की गांठे चोरी करने का आरोप लगा रहा था।डंडे और कोड़े से पिटाई करने के बाद मालिकों ने उनको बिजली का करंट लगाया।वहीं मृतक के परिजनों का भी आरोप है कि कन्हैया हौजरी और ट्रांसपोर्ट मालिक ने ही अंशुल को मौत के घाट उतार दिया।वही अंशुल की मौत के बाद उसकी पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।बरहाल पुलिस ने आरोपी मालिक समेत 7 आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।





मंगलवार देर रात परिजन को सूचना मिली और वे मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो शव देखकर सिहर गए। 32 वर्षीय शिवम के पूरे शरीर पर चोटों के निशान थे, जो तालिबानी सजा की गवाही दे रहे थे।पिता अधीश जौहरी ने बेटे का सिर पकड़ा तो उनके हाथ खून से सन गए। सिर पर भी घाव था। शव की हालत देखकर अधीश चौधरी तुरंत समझ ग‌ए कि शिवम को तालिबानी सजा दी गई है।बुधवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने हत्या किए जाने की बात पर मुहर लगा दी।