वाराणसी।लक्सा थाने में तैनात दरोगा अजय यादव को गोली मारकर पिस्टल लूट के मामले में रोहनिया थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा,मोहनसराय चौकी प्रभारी रजनीश त्रिपाठी पर आखिर पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश की गाज गिर ही गई।दोनों को सस्पेंड कर दिया गया।बदमाशों की धरपकड़ और पिस्टल बरामदगी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।एसआईटी में तेज तर्रार 10 दरोगा शामिल किए गए हैं।





आपको बता दें कि लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसआईटी मामले की जांच करेगी।कैंट थाने के क्राइम टीम के इंस्पेक्टर परमहंस गुप्ता को लालपुर-पांडेयपुर थाने का प्रभारी बनाया गया है।दरोगा अजय यादव की हत्या का प्रयास और पिस्टल लूट मामले में लापरवाही बरतने वाले रोहनिया थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा और मोहनसराय चौकी इंचार्ज रजनीश त्रिपाठी को सस्पेंड किया गया। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।अजय यादव मंगलवार की शाम देरखूं स्थित अपने निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे थे।तीन बदमाशों ने अजय से मारपीट के दौरान सीने में गोली मारकर पिस्टल,मोबाइल और पर्स लूट लिया।घटना के दूसरे दिन अजय का मोबाइल नहर किनारे बरामद हुआ था।





दरोगा अजय यादव पर जानलेवा हमला करने वाले बदमाशों को पुलिस चिन्हित करने के साथ ही गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश पर दबिश दे रही है।उस रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने और मोबाइल नेटवर्क के सहारे कई युवकों को पुलिस ने उठाया है।पुलिस ने इसमें से कुछ को पूछताछ करने बाद छोड़ दिया या तो वहीं कुछ से अभी पूछताछ कर रही है।जगतपुर,देरखूं,मनियारीपुर समेत आसपास के गांवों के मनबढ़ों को पुलिस पूछताछ के लिए उठा रही है। गांव के लोगों में भी पुलिस का खौफ है।कुछ गांव वालों ने अपने बेटों को बाहर भेज दिया है ताकि कहीं पुलिस उन्हें भी न उठा लें।गुरुवार की दोपहर काले रंग की स्कार्पियो पर सवार कुछ युवकों को रोहनिया पुलिस ने उठाया।प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा ने कमरे में युवकों से काफी देर तक पूछताछ की।





रोहनिया पुलिस के लिए दरोगा अजय यादव की पिस्टल बरामद करना बड़ी चुनौती बनी हुई है।कमिश्नरेट के सभी तेज तर्रार अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को इस मामले में लगा दिया गया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर टीमें दबिश दे रही हैं। गैर जनपदों में भी कुछ टीमें दबिश दे रही हैं। रोहनिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती दरोगा अजय यादव की हालत अब सामान्य है। चिकित्सक डॉ. अलोक शर्मा के अनुसार उन्हें दो दिन में डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।





पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश, अपर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और एसपी ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी ने गठित पुलिस टीमों से अभी तक हुई कार्यवाही की रिपोर्ट जानी।वहीं डीजीपी ऑफिस से भी इस घटना के बारे में पुलिस आयुक्त से अपडेट लिया जा रहा है।