प्रतिनिधि,लोहरदगा। नालसा, नई दिल्ली एवं झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार राँची के निर्देश पर लोहरदगा जिले के सभी प्रखण्डों में दिशा योजना के तहत गहन जागरुकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में डालसा अध्यक्ष राजेन्द्र बहादुर पाल के निर्देशन में बालिका उच्च विद्यालय, लोहरदगा के प्रांगण में शिक्षक-शिक्षिकाओं, अन्य कर्मियों एवं छात्राओं के बीच विधिक जागरूकता शिविर आयोजित की गई। जिसमें डालसा सचिव राजेश कुमार, पैनल अधिवक्ता सी.पी. पाठक, पीएलभी गौतम लेनिन एवं दीपक कुमार साहू शामिल हुए।





कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डालसा सचिव राजेश कुमार ने कहा कि लोहरदगा जिला भारत देश के उन 112 जिलों में शामिल है जो विकास की दौड़ में पिछड़ गया है।मानव विकास सूचकांक को बढ़ाने के लिए यह आवश्यक है कि हम और आप विभिन्न कानूनों व योजनाओं को न सिर्फ जाने अपितु इसका लाभ लेकर सशक्त समाज का निर्माण करें। छात्राओं को पोक्सो एक्ट, जुवनाइल जस्टिस एक्ट के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में छात्राओं एवं शिक्षिकों द्वारा पूछे गये कई सवालों का जवाब पैनल अधिवक्ता द्वारा दिया गया।





डालसा सचिव राजेश कुमार ने कहा कि दिनांक 14 एवं 15 जनवरी 2023 को विभिन्न प्रखण्डों में गहन जागरूकता का कार्यक्रम चलाया जाएगा, जिसमें जिला प्रशासन के सहयोग से लोगों को विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी।