गढ़वा।वन क्षेत्र के डिम्बुजर्दा पंचायत के कुड़माहातु बामलाड़ीह के पास कांची नदी नहर किनारे एक जंगली हाथी ने जमकर तांडव मचाया। गुरुवार की अहले सुबह लगभग छह बजे जंगली हाथी ने कुडमाहातु में नहर किनारे एक चाय पकौड़ी का होटल चलाने वाले गरीब कर्मा योगी के नहर पर बने पुल पर खड़ी प्लेटीना बाइक को पटक दिया। इसके बाद जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया नहर किनारे एक झोपड़ी को तहस नहस कर दिया।





बामलाड़ीह,कुड़माहातु,बुरूड़ीह और डिंबुड़ीह के किसानों के खेतों में लहलहाती धान की फसल पैरों तले रौंदकर बुरी तरीके से तहस नहस कर दिया।इसके बाद उन्मादी जंगली हाथी बुरूड़ीह होते हुए दुलमी पंचायत के बेनिया टुंगरी में अपना डेरा जमाया।





3 दिन से चिनिया प्रखंड में हाथियों का डेरा





इससे पहले मंगलवार की रात को हाथियों के झुंड ने चिनिया प्रखंड के तहले गांव में भी उत्पात मचाया था। वहां दर्जन भर किसानों के लगभग 5 एकड़ जमीन पर लगी फसल को बर्बाद कर दिया। पीड़ित किसानों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है। इस बाबत गढ़वा दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी शशि कुमार ने बताया कि उन्हें हाथियों द्वारा किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाने की जानकारी मिली है। सरकारी प्रावधानों के हिसाब से किसानों को मुआवजा मिलेगा। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि वे शाम को अपने घर के दरवाजे पर अलाव जलाएं। हाथियों के साथ छेड़छाड़ ना करें।