धनबाद।झारखंड के धनबाद में शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल की इमरजेंसी में रखे दो शवों के साथ अमानवीय घटना सामने आयी है।अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से यहां रखे गए शवों को मंगलवार को चूहों ने कुतर दिया।मोर्चरी का फ्रीजर खराब होने से शवों को इमरजेंसी के बरामदे में रखा गया था।शवों के पेट की बायीं ओर घाव का निशान था।वहां से सात इंच व्यास में मांस गायब था।पेट की बायीं ओर गोल घाव का निशान था।निशान देख दोनों मृतकों के परिजनों ने मंगलवार को किडनी निकालने का आरोप लगाकर हंगामा किया।परिजनों ने जांच की मांग भी की।
अस्पताल में रखे शवों
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर शुभेंदु ने दोनों शवों पर मिले घाव का निशान मरने के बाद का बताया है।डॉ शुभेंदु ने कहा कि चूहों के कुतरने से घाव का निशान बना है।बताते चलें कि सोमवार को सिंदरी और बरोरा में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 21 वर्षीय साहिल ईशान और 28 वर्षीय दीपू कुमार की मौत हो गयी थी।
पोस्टमार्टम हाउस ले जाने से पहले निशान
शवों को पोस्टमार्टम हाउस ले जाने के दौरान परिजनों ने दोनों के शरीर पर घाव के निशान होने की जानकारी मिली। पोस्टमार्टम हाउस ले जाने से पहले दोनों के शव से चादर उठायी गयी।इसी दौरान साहिल ईशान के परिजनों की नजर पहले एक शव पर पड़ी। शरीर पर घाव का निशान बना देखा। इसके बाद दीपू कुमार के परिजनों ने भी शरीर पर घाव का निशान देखा।
जांच कमेटी गठित
डीसी संदीप सिंह के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एक टीम बनायी गयी है।डीआरडीए डायरेक्टर मुमताज अली अहमद टीम का नेतृत्व करेगे। टीम में मजिस्ट्रेट बंधु कच्छप, सरायढेला थाना प्रभारी वीर कुमार, डॉ. जिंदल शामिल है। तीन सदस्यीय टीम जांच के लिए मंगलवार की शाम शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल पहुंची।डायरेक्टर मुमताज अली अहमद ने बताया कि इमरजेंसी में लगा सीसीटीवी कैमरा खंगाला जा रहा है।सोमवार की रात ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों से भी पूछताछ की जाएगी। 48 घंटों के अंदर जांच रिपोर्ट डीसी को सौंपी जायेगी।
मेडिकल स्टाफ की लापरवाही से ऐसा हुआ है. मोर्चरी के खराब होने की जानकारी मुझे नहीं है. जांच करायी जायेगी. इसमें जो भी दोषी पाए जायेंगे,उन पर कार्रवाई होगी:डॉ अरुण कुमार बरनवाल,अधीक्षक एसएनएमएमसीएच
इमरजेंसी की मोर्चरी खराब होने के कारण शवों को बरामदे में रखा जा रहा है. इससे पहले भी पोस्टमार्टम के लिए पहुंचने वाले कई शव के शरीर पर चूहों के कुतरने की वजह से घाव का निशान पाया गया था:डॉ शुभेंदु





