प्रतिनिधि,गिरिडीह। नगर निगम द्वारा निगम क्षेत्र में संचालित दुकानों का मनमाना किराया बढ़ाने के विरोध में शनिवार को दुकानदारों ने बस स्टैंड में बैठक कर इस पर विरोध जताया।





इस सम्बन्ध में सीएम के नाम एक पत्र भी लिखा गया। अचानक नगर निगम की ओर से लगभग 300 फीसदी मनमाना किराया बढ़ाए जाने से दुकानदारों में उबाल देखने को मिला। काफी समय पूर्व से किराया को लेकर प्रत्येक 3 वर्ष में 10 फीसदी बढ़ोतरी का नियम बना हुआ है,जिसके अंतर्गत प्रत्येक 3 वर्ष में दुकान के किराया की बढ़ोतरी होती है, जिसका वे लोग समय पर भुगतान भी करते आ रहे हैं। बावजूद उन लोगों को 200 से 300 प्रतिशत किराया बढ़ोतरी का नोटिस थमा दिया गया है।





कुंदन कुमार स्वर्णकार ने बताया कि नगर निगम की ओर से मनमानी की जा रही है। हर 3 साल में किराया बढ़ोतरी मान्य है। 200 से 300 प्रतिशत किराए की वृद्धि का हम सभी दुकानदार विरोध करते हैं। हरविंदर सिंह बग्गा ने कहा कि 30 35 साल से निगम क्षेत्र के दुकानों को आवंटित कर रोजगार के लिए दिया गया था,लेकिन अचानक निगम की ओर से किराए में बढ़ोतरी की गई है।इसका हम सभी विरोध करते हैं। दुकानदारों ने कहा कि अगर यही रवैया रहा तो हाईकोर्ट का रुख करेंगे।मौके पर उदय प्रसाद, मंटू चौरसिया, अमित कुमार, अमित केसरी, मनोज चौरसिया, रतन आजाद सहित कई दुकानदार मौजूद थे।