नयकी तालाब सौंदर्यीकरण को लेकर अतिक्रमणकारियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर





तालाब के किनारे कच्चे मकान तोड़े गए,लोगों ने किया विरोध





कहा, हम हैं भूमिहीन, प्रशासन दे आवास योजना का लाभ





अगर जांच में भूमि नहीं, तो आवास की प्रक्रिया की जाएगी शुरू:सीओ





प्रतिनिधि, चतरा। जिला मुख्यालय के नगर क्षेत्र के नयकी तालाब के सौंदर्यीकरण को लेकर सोमवार को नगर पर्षद प्रशासन ने आसपास रह रहे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बुलडोजर चलाया। बुलडोजर चलते ही हो हंगामा शुरू हो गया,जिनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की कवायद की जा रही थी विरोध में खड़े हो गए।अतिक्रमण करके रह रही घर की महिलाओं ने कहा कि हम लोग भूमिहीन हैं। 40 वर्षों से घर बनाकर रह रहे हैं अब कहां जाएं । उन्होंने मांग रखी कि नगर प्रशासन हम लोगों को आवास बनाकर दे। इस बात को लेकर अड़ी रही कि आवास मिलेगा तभी मकान तोड़ने देंगे। वहीं पत्रकारों से बात करते हुए अंचलाधिकारी भागीरथ महतो ने बताया कि प्रशासन तालाब को अतिक्रमण मुक्त करवाने के लिए आई है। इन लोगों ने भूमिहीन होने का दावा किया है। जबकि जानकारी मिली है कि इन लोगों के पास भूमि है। कहा कि जांच में अगर लोग भूमिहीन मिले तो सरकार द्वारा निश्चित तौर से आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैसे इन लोगों को दो दिनों की मोहलत दे दी गई है। मौके पर नगर पालिका के कार्यपालक पदाधिकारी अभय कुमार झा,अंचलाधिकारी भागीरथ महतो,सदर थाना के एस आई मनोज पाल, थाना सशस्त्र बल के जवान व बड़ी संख्या में आसपास के लोग मौजूद थे।