प्रतिनिधि,जमशेदपुर। नशा करने के लिए बाइक की चोरी करने वाले 8 आरोपियों को बिरसा नगर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं रविवार मामले का खुलासा करते हुए एएसपी शुभांशु जैन ने बिष्टुपुर थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि बिरसा नगर से 14 दिसंबर को बाइक और स्कूटी की चोरी हुई थी। इसी मामले को लेकर पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में 8 आरोपियों को बाइक और स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी की बाइक बेचने के बाद उससे जो रुपए आता है उसका उपयोग वे नशे का सेवन करने के लिए करते थे।





गिरफ्तार आरोपियों में बिरसा नगर जोन नंबर 3 निवासी सोनू लोहार उर्फ भोला, जोन नंबर 8 निवासी सशांत शेखर उर्फ शिवम सिंह, जोन नंबर 3 निवासी चंदन पात्रो, जोन नंबर 8 निवासी रोहित सिंह उर्फ गबरू, जोन नंबर 3 निवासी श्याम पोद्दार उर्फ राहुल, आकाश दास, करण कुमार और सिदगोड़ा बारीडीह जाहेर टोला का रहने वाला अमन मंडल शामिल है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक ब्लू रंग की स्कूटी एक्सेस 125 संख्या जेएच 05 सीडब्लू -4289, एक 180 सीसी की पल्सर बाइक, चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड और घटना के समय पहने हुए कपड़े व जूते बरामद किया है।





आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बनी टीम में थाना प्रभारी प्रभात कुमार, गोविंदपुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार अग्रवाल, सिदगोड़ा थाना एसआई नितेश कुमार ठाकुर, बिरसा नगर थाना के एसआई अभय कुमार सिंह, दीपक कुमार दास, राजेश कुमार दास, जर्नादन राउत, नवल किशोर दास, नकुल शर्मा, एएसआई सुरेश प्रसाद वर्मा, रमेश महतो, आरक्षी 2463 जागरण मुंडा, 562 लखन भगत, 394 सतवन सिंह गागराई, हवलदार रत्नाकर महतो और किरण हांसदा समेत सशस्त्र पुलिस बल शामिल थीं।