रांची।नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता को पुलिस से इंसाफ नहीं मिला तो उसने जहर खाकर जान देने की कोशिश की।परिजनों ने आनन-फानन में उसे मांडर अस्पताल में भर्ती कराया है,जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।बताया जा रहा है कि दुष्कर्म पीड़िता ने 16 दिन पहले मुरसलीन अंसारी नाम के आरोपी पर यौन शोषण का आरोप लगाया था और चान्हो थाने में एफआईआर दर्ज करायी थी।एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया।
दुष्कर्म पीड़िता ने बीते शुक्रवार को जब केस के आईओ रूपा बाखला से मिलकर कार्रवाई की जानकारी मांगी तो आईओ ने कहा कि कोई कार्रवाई नहीं होगी।यह सुनने के बाद दुष्कर्म पीड़िता घर आ गई। परिजनों के मुताबिक उसने फसल में डाली जाने वाली कीटनाशक दवा खा ली और कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में परिजनों ने उसे मांडर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
परिजनों के मुताबिक नाउदी गांव का रहने वाला आरोपी मुरसलीन अंसारी और नाबालिग के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था।आरोपी ने नाबालिग को जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।जब नाबालिग ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उससे शादी करने का आश्वासन दिया।इसके बाद आरोपी उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाने लगा।बीते आठ मई को आरोपी ने नाबालिग को फिर जंगल में बुलाया और उसके साथ संबंध बनाने लगा।ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और मौके पर पहुंच कर दोनों को पकड़ लिया।नाबालिग ने ग्रामीणों को पूरी बात बताई।इसके बाद दोनों के परिजनों को रात में पंचायत में आने को कहा गया।
परिजनों के मुताबिक आठ मई की रात गांव में एक मीटिंग रखी गई।उस मीटिंग में तय किया गया कि दोनों की शादी करायी जाएगी।दोनों का निकाह कराने की तैयारी शुरू कर दी गई,लेकिन उसी समय आरोपी के एक रिश्तेदार ने उसे नहाने के बहाने भगा दिया। काफी देर तक ग्रामीण निकाह कराने के लिए बैठे रहे। जब वह नहीं लौटा तो ग्रामीणों ने निकाह का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। 18 मई को नाबालिग आरोपी के घर पहुंची तो परिजनों ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद नाबालिग ने चान्हो थाना पहुंचकर मामले की पूरी जानकारी पुलिस को दी।





