झारखंड के धनबाद की रहने वाली नेशनल शूटिंग चैंपियन कोनिका लायक का शव उसके कोलकाता के हॉस्टल के फ्लैट में फंदे से लटकता हुआ मिला।कोनिका पिछले तीन महीने से कोलकाता में रह कर राइफल शूटिंग की ट्रेनिंग ले रही थी। बेटी की मौत की खबर सुन कर परिवार कोलकाता पहुंच गया है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह हॉस्टल में रहने वाली लड़कियों ने इसकी सूचना धनबाद के धनसार में रहने वाले कोनिका के घरवालों को दी।स्थानीय बाली थाने की पुलिस ने पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। देर शाम धनसार से कोनिका के माता-पिता कोलकाता पहुंच चुके थे। घटना के बाद से ही कोनिका के घरवाले का रो-रोकर बुरा हाल है। देर रात बाली थाने में ही कोनिका के परिजन रुके हुए हैं। बुधवार की सुबह ही कोनिका के हॉस्टल से परिजनों को फोन आया कि आपकी बेटी की तबीयत खराब है, आपलोग जल्दी पहुंचें। सूचना मिलते ही पूरा परिवार सुबह-सुबह ही कोलकाता के लिए रवाना हो गया था।

कोलकाता के जयदीप कर्माकर शूटिंग अकादमी में कोनिका पिछले तीन महीने से ट्रेनिंग ले रही थी। अकादमी के हेड कोच मनोजित ने बताया कि कोनिका बहुत ही मेहनती लड़की थी। कोनिका ने तीन महीने में ही बहुत कुछ सीखा था, लेकिन वह तीन-चार दिनों से अकादमी नहीं आ रही थी। ऐसा कदम उसने क्यों उठाया यह समझ से परे है।

झारखंड को राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं में पदक दिला चुकी कोनिका लायक उस समय चर्चा में आई थी, जब आधुनिक राइफल खरीदने के लिए उसने सोनू सूद को ट्विट कर मदद मांगी थी। सोनू सूद की मदद से कोनिका ने राइफल भी खरीदी थी। जून के महीने में सोनू सूद ने लगभग तीन लाख रुपए की कीमत वाली जर्मन राइफल भेजी थी। सोनू सूद ने ही कोलकाता के शूटिंग अकादमी में कोनिका के ट्रेनिंग का इंतजाम कराया था। राइफल भेजने के बाद सोनू सूद ने कोनिका को वीडियो कॉल कर मेहनत करने की सलाह दी थी।