प्रतिनिधि,गिद्धौर (चतरा)। प्रखंड कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को पंचायत समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख अनिता यादव व संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीत कुमार सिंह ने किया।बैठक में विभिन्न विभागों का बारी बारी समीक्षा किया गया।





बैठक में 15वें वित्त आयोग की योजनाओं के साथ-साथ अन्य विभाग की योजनाओं में सूचना पट्ट लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही साथ आंगनबाड़ी केंद्र तिलैया को जल्द पूर्ण करने का भी निर्देश दिया गया।उपप्रमुख प्रीतम यादव ने गर्मी को देखते हुए प्रखंड मुख्यालय के साथ-साथ अन्य चौक चौराहों व प्रखंड कार्यालय के बाहर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने का प्रस्ताव दिया।वहीं बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण भी जारी की गई।





सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार कुशवाहा ने प्रखंड के सभी मरम्मत के अभाव में बेकार पड़े जल मीनार को दुरुस्त कराने का बात उठाया।बैठक में विधायक प्रतिनिधि महादेव दांगी द्वारा सभी योजनाओं में पैसा लेने का भी मामला उठाया गया।यहां तक कि प्रखंड मुख्यालय में जमीन उपलब्ध होने के बावजूद भी कोल्ड स्टोर के निर्माण शुरू नहीं होने का भी मामला उठाया,जिस पर सदन के सदस्यों ने जल्द कार्य प्रारंभ करने का प्रस्ताव पारित किया।वही उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय ब्रह्मपुर में सहायक अध्यापक देवा यादव को जल्द योगदान देने का भी निर्देश दिया गया।बारिसाखी के पंचायत समिति सदस्य प्रियांशु देवी ने डीलरों द्वारा लाभुकों को खाद्यान्न देने में काफी अनियमितता बरतने की भी मामला उठाया। वहीं दूसरी तरफ बैठक में शिक्षा समिति के सदस्य की चयन के साथ-साथ विभिन्न विभाग की आठ समितियां सर्वसम्मति से गठित की गई।





बैठक में शाखा प्रबंधक विवेक कुजुर, विनोद कुमार पासवान, वनपाल रूपलाल यादव, डाॅ. सत्य प्रकाश,फरहत नाजनी,अंजुम आरा, सीताराम रजक,यासीन अनवर, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी व जनप्रतिनिधि थे।