रामगढ़।झारखंड को पर्यटन के रूप में पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज गुरुवार को पतरातू डैम के पास दोपहर 12 बजे भव्य वीआईपी गेस्ट हाउस पर्यटन विहार का उद्घाटन करेंगे। समारोह के दौरान पर्यटन निदेशालय द्वारा आयोजित किए गए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को इस समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विशिष्ट अतिथि मंत्री पर्यटन, कला संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य विभाग हफीजुल हसन, गणमान्य अतिथि,सांसद हजारीबाग जयंत सिन्हा और विधायक बड़कागांव विधानसभा अम्बा प्रसाद उपस्थित रहेंगे।
पतरातु पर्यटन विहार की विशेषताएं
वीआईपी गेस्ट हाउस पर्यटन विहार के निर्माण पर 15 करोड़ रुपये खर्च कर पर्यटकों के लिए सभी सुविधाएं देने का प्रयास किया गया है।
सुविधाओं में यहां पर्यटकों को एक सुन्दर रेस्टुरेंट की सुविधा मिलेगी।
सौभाग्य रेस्टुरेंट में 16 डबल बेड रूम, 4 स्वीट रूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, मल्टी परपस जिम, हॉल, स्वीमिंग पुल समेत अन्य सुविधाएं हैं।
यहां आने वाले सैलानी डेम में क्रूज से विहार करने के साथ लजीज भोजन का आनन्द ले सकेंगे।
डैम के बीच में स्थित आइलैंड को भी पर्यटन के लिहाज से विकसित किया गया है। जो अलग ही आनन्द पर्यटकों को देगा।





