प्रतिनिधि,बगोदर। बगोदर थाना क्षेत्र के देवराडीह पंचायत के केंझिया में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। पत्नी के गला में फरसा से वार किया गया है,जिससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जब्त कर लिया। साथ ही हत्या के आरोपी पति को ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।गुरूवार की अपराह्न चार बजे के करीब घटना को अंजाम दिया गया। हत्या में प्रयुक्त फरसा को पुलिस ने मौके से जब्त कर लिया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
मृतका का नाम सुनीता देवी है तथा पति का नाम फूलचंद मांझी है। दोनों का 6 साल का एक लड़का भी है। बताया जाता है कि फूलचंद मांझी ने अपने ही घर में फरसा से वार कर पत्नी की हत्या कर दी है।घर के अंदर पड़े शव को पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया।
पुलिस इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। प्रथम दृष्टया पति के द्वारा ही पत्नी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इधर गिरफ्तार पति फूलचंद मांझी ने पत्नी की हत्या किए जाने की बात को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा है कि पत्नी का अवैध संबंध दूसरे पुरूष से था।





