प्रतिनिधि,जमशेदपुर।परसुडीह क्षेत्र के हलुदबनी और नामोटोला मुख्य सड़क के बीच घरों का गंदा पानी बह रहा है। यह समस्या पिछले एक सप्ताह से बनी हुई है। जिसका कारण आस-पड़ोस के लोग अपने घरों को साफ करने के बाद प्लास्टिक समेत अन्य कूड़ा-करकट नाली में ही फेंक देते हैं। जिससे नाली जाम हो जाती है और उसका पानी सड़कों पर बहने लगता है।
बीच सड़क पर ही गंदा पानी बहने और जमा होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। खासकर स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। बच्चों को तो गंदे पानी से होकर ही सड़क को पार करना पड़ रहा है। सुबह के समय कई महिलाएं भी पूजा-अर्चना करने गंदे पानी से होकर पैदल ही जाती हैं। जिन्हें खासा परेशानी हो रही है।
सड़क पर गंदा पानी जमा होने से वाहन चालकों को भी कम परेशानी नहीं होती है। जबकि गंदा पानी को देखकर लोग सड़क को पार करने से भी संकोच करते हैं। साथ ही आस-पास में रहने वाले लोगों के लिए गंदे पानी को पार कर आना-जाना मजबूरी बन गई है। बावजूद इसके इस ओर किसी का ध्यान नहीं है।





