प्रतिनिधि,चरही(हजारीबाग)। स्थानीय ग्रामीण एवं वन विभाग की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा के तहत लारा गांव स्थित कोनार नदी पर्यटन स्थल परिसर और आसपास के स्थलों पर साफ-सफाई की गई। इसमें वनरक्षी मुकेश कुमार सहित स्थानीय लोगों ने भी योगदान दिया। इस जागरूकता अभियान के माध्यम से ग्रामीण काफी उत्साहित हुए और उन्होंने श्रमदान किया। साथ ही स्वच्छता के संबंध में लोगों को जागरूक करने एवं साफ सफाई करते रहने की बात कही।
इसके लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के संबंध में लोगों को बताया गया। पर्यटन स्थल के संपूर्ण परिसर से प्लास्टिक एवं अन्य कचड़े की साफ-सफाई कर क्षेत्र के लोगों को स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया गया।
वन विभाग द्वारा आयोजित इस स्वच्छता पखवाड़े में सभी आमजनों को अपने आसपास सफाई रखने एवं पर्यटन के विकास हेतु पर्यटक स्थल को पवित्र एवं मनोरम रखने में अपना अहम योगदान देने की अपील की गयी । यह जिला पर्यटक के क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बन रहा है,जिसके लिए स्वच्छता पखवाड़े के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में स्वच्छता मुहिम चलायी जा रही है।
मौके पर मुखिया प्रतिनिधि सहदेव किस्कू, शिव कुमार, अनिल कुमार, मनजीत कुमार, हर्षित कुमार, अमित कुमार, अनीश कुमार, पुनीत राम, दशरथ मांझी, वनरक्षी आशीष कुमार समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।





