लखनऊ।सूबे की राजधानी लखनऊ से तीन सालों बाद चली डबल डेकर ट्रेन अपनी पहली ही यात्रा में हांफने लगी।दिल्ली आनंद विहार जाने वाली डबल डेकर ट्रेन लखनऊ जंक्शन से अपने सही समय सुबह 4 बजकर 55 मिनट पर रवाना हुई,मगर झुमका गिरने वाली बरेली पहुंचते-पहुंचते इसकी सांसे फूलने लगी।बरेली में इस ट्रेन का यात्री राह तकते रहे।बरेली में ट्रेन के पहुंचने का समय सुबह 8 बजकर 23 मिनट पर था,मगर ट्रेन दो घंटे से अधिक लेट हो गई। 12583 लखनऊ-आनंद विहार टर्मिनल डबल डेकर ट्रेन बरेली 11 बजे पहुंची।ट्रेन अपने पहले स्टॉपेज बरेली पर ही लगभग ढाई घंटे देर से पहुंची।
डबल डेकर ट्रेन के लेट होने के कारणों को लेकर नॉर्दर्न रेलवे के अधिकारियों से बात की गई तो एक अधिकारी ने नाम न ओपन होने की शर्त पर बताया कि ट्रैक में कभी-कभी कोई दिक्कत आ जाती है।दूसरा बड़ा कारण ये है कि इन दिनों कोयले लेकर जा रही मालगाड़ियों को निकालना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।ऐसे में मालगाड़ी को रोककर पैसेंजर ट्रेनों को पास नहीं दिया जा रहा है।
आपको बताते चलें कि तीन सालों के बाद सूबे की राजधानी लखनऊ और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बीच एक बार फिर से डबल डेकर ट्रेन का संचालन शुरू किया गया है।इस ट्रेन के AC चेयर कार का किराया सबसे कम रखा गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की यात्रा में इसे अधिक समय भी नहीं लग रहा है।लखनऊ जंक्शन से डबल डेकर ट्रेन सुबह 4 बजकर 55 मिनट पर रवाना होगी और दोपहर 12 बजकर 55 मिनट पर आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।इसी तरह आनंद विहार से दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना होगी और रात साढ़े दस बजे पहुंचेगी।बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद इसके स्टॉपेज रखे गए हैं।
लखनऊ से आनंद विहार की ओर जाने वाली ट्रेन के लेट होने से आनंद विहार से लखनऊ जाने वाली ट्रेन भी उतनी ही लेट हो गई है। ऐसा इसलिए कि जो रैक लखनऊ से आनंद विहार टर्मिनल जाता है, वही रैक लखनऊ वापस लौटता है।ऐसे में लखनऊ से आनंद विहार की ओर जाने वाली डबल डेकर जितनी लेट होगी, आनंद विहार से लखनऊ लौटने वाली डबल डेकर भी उतनी ही लेट हो जाएगी।





