लखनऊ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया।इस दौरान कार्यकर्ताओं ने इस बयान की कड़ी निंदा की और बिलावल का पुतला फूंका और पाकिस्तान के झंडे जलाए।राजधानी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और प्रदेश इकाई की ओर से अपना विरोध दर्ज कराया।
बिलावल की हताशा और निराशा दिखाता है बयान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत की पहचान एक सशक्त राष्ट्र के रूप में बनी है।उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और अराजकता एक दूसरे के पूरक बन गए है।हर मोर्चें पर विफल पाकिस्तान के विदेश मंत्री का बयान उनकी हताशा और निराशा को दर्शाता है।उन्होंने ने कहा कि पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर जिस तरह का वक्तव्य दिया है, उसकी जितनी भी निंदा की जाए उतना कम है,ये बेहद शर्मनाक है।
हाथों में तख्तियां लेकर बिलावल और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी द्वारा अभद्र टिप्पणी के विरोध में प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन हुए।गोरखपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखा गया।भारी संख्या में हाथों में तख्तियां लेकर बिलावल भुट्टो जरदारी और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर निगम से पर्यटन विभाग तक पैदल मार्च यात्रा की।लखीमपुर खीरी के सदर चौराहे पर भी बिलावल भुट्टो जरदारी का पुतला फूंका गया।उन्नाव में भी पाकिस्तान के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगे। भाजपा पदाधिकारियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और बिलावल भुट्टो जरदारी का पुतला फूंका।फतेहपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिलावल भुट्टो जरदारी का पुतला फूंकते हुए नारेबाजी की।पटेल नगर चौराहे पर पाकिस्तान और बिलावल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
पाक विदेश मंत्री ने की थी पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी
बता दें कि न्यूयॉर्क में एक प्रेसवार्ता के दौरान गुरुवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर व्यक्तिगत और अभद्र टिप्पणी की थी।बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा था कि ओसामा बिन लादेन तो मारा गया,लेकिन गुजरात का कसाई जिंदा है,वह भारत का प्रधानमंत्री है।बिलावल ने प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर को भारत का नहीं आरएसएस का प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री बताया।बिलावल के इस बयान के बाद से भारत में बिलावल के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है और जगह जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।





