पीएचसी, सीएचसी व अन्य सभी सरकारी अस्पताल, स्कूलों में ओआरएस की पर्याप्त व्यवस्था रखें : उपायुक्त





सभी बीडीओ को स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केन्द्र व पीडीएस दुकानों में पेयजल उपलब्धता की समीक्षा का दिया निर्देश





प्रतिनिधि,जमशेदपुर । जिले में तापमान पिछले कई दिनों से 40°C से अधिक के आसपास दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में उच्च तापमान के कारण लोगों को गर्मी से असहजता महसूस हो रही है और विशेषकर बच्चे और वृद्ध जनों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। जिलेवासियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को देखते हुए उपायुक्त विजया जाधव द्वारा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व अन्य सभी सरकारी अस्पताल तथा स्कूलों में ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क ओआरएस काउंटर भी स्थापित किया जा रहा है। साथ ही सभी बीडीओ को अपने पोषक क्षेत्र के स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केन्द्र व पीडीएस दुकानों में पेयजल उपलब्धता की क्या स्थिति है इसकी भी समीक्षा का निर्देश दिया गया है।





लू एवं गर्म हवाओं से बचाव के लिए निम्न बातों का ध्यान रखें





दोपहर 11 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें,घर से बाहर निकलें तो खुद को कवर करके ही निकलें,गर्मी में हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए ज्यादा पानी पिए,हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें,अपना सिर ढक कर बाहर निकलें, कपड़े, टोपी या छाते का प्रयोग करें, कठिन कार्यो को दिन के ठंडे समय में निर्धारित करें,धूप का चश्मा इस्तेमाल करें, सम्भव हो, तो तौलिया और गमछा रखें,मवेशियों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर के अंदर ही रखें,हीट स्ट्रोक या हीट रैश जैसे कमजोरी के लक्षणों को पहचाने जैसे चक्कर आना, सिरदर्द, पसीना और दौरे। यदि आप बेहोश या बीमार महसूस करते हैं, तो डॉक्टर के पास अस्पताल जाएं, लू लगे व्यक्ति को छांव में लिटा दें अगर उनके शरीर के कपड़े तंग हो तो उसे ढीला कर दें अथवा हटा दें,लू लगे व्यक्ति की हालत में एक घंटे तक सुधार न हो तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाएं।





इनका नियमित सेवन करें





नमक-चीनी का घोल, नींबू-पानी, आम का शर्बत, छाछ, लस्सी, तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी।