पीएम मोदी के आगमन पर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त व एसपी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया स्थल निरीक्षण





उपायुक्त द्वारा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर दिए गये आवश्यक निर्देश





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 4 नवम्बर को संभावित गढ़वा जिला आगमन पर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त शेखर जमुआर और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडे द्वारा संयुक्त रूप से सदर प्रखंड के चेतना स्थित मैदान का भौतिक रूप से स्थल निरीक्षण किया गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित हुए।





उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरे मैदान का जायजा लेने के पश्चात कार्यक्रम स्थल पर अस्थायी हेलीपैड का निर्माण, मंच का निर्माण, वीवीआईपी एंट्री, अतिथियों के आगमन पर पहुंच पथ की व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, आवश्यक साफ-सफाई एवं साज सज्जा, कार्यक्रम स्थल पर पेयजल एवं अस्थाई शौचालय की व्यवस्था, चिकित्सकीय व्यवस्था, ट्रैफिक व पार्किंग की व्यवस्था, विधि व्यवस्था संधारण समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।





उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को सक्रिय होकर कार्यक्रम की तैयारियों को निर्धारित समय के अंदर अनिवार्य रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री के गढ़वा जिला आगमन पर प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी आवश्यक बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए सभी समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त शेखर जमुआर और पुलिस अधीक्षक पांडेय द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये।





इस दौरान मुख्य रूप से अपर समाहर्ता, राज महेश्वरम, अनुमंडल पदाधिकारी, गढ़वा संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गढ़वा नीरज कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, गढ़वा, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी, गढ़वा समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे। स्थल निरीक्षण के दौरान लोकसभा सांसद वी.डी. राम एवम राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश की भी उपस्थिति रही।