संपादक की कलम से





पुलिस की कामयाबी सुखद संकेत: सुमन कुमार





झारखंड में नक्सली गतिविधियों पर काबू पाने के लिए सुरक्षाबलों और जांच एजेंसियों द्वारा की जा रही कार्रवाई सराहनीय है। पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों के निरंतर प्रयास और नक्सलियों पर दबाव का ही प्रतिफल है कि झारखंड में नक्सली गतिविधियों में काफी कमी आई है। नक्सलियों पर नकेल कसने में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है, यह सुखद संकेत है। राज्य के कई ऐसे नक्सलियों के गढ़ को पुलिस बल द्वारा ध्वस्त किया गया है, जहां नक्सलियों ने समानांतर व्यवस्था बना रखी थी।





बीते दिन प्रतिबंधित पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप की गिरफ्तारी सुरक्षाबलों की बहुत बड़ी उपलब्धि है। तकरीबन दो दशक से दिनेश गोप और उसके प्रतिबंधित संगठन के उग्रवादी पुलिस को लगातार चुनौती दे रहे थे। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस का मनोबल ऊंचा हुआ है।





विदित हो कि इसके पूर्व नक्सलियों का गढ़ कहा जाने वाला बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र पूरी तरह नक्सली गतिविधियों से मुक्त हो चुका है। राज्य की पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने उस क्षेत्र में स्थाई कैंप स्थापित कर लिए हैं। वहां के स्थानीय निवासियों का जीवन स्तर बेहतर करने की दिशा में सरकार द्वारा की जा रही कोशिश की सराहना की जा रही है।समाज की मुख्यधारा से युवाओं को जोड़ने और उन्हें रोजगार मुहैया कराने से लेकर तकनीकी प्रशिक्षण देने की दिशा में भी राज्य सरकार प्रयासरत है। सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता के कारण झारखंड पूरी तरह नक्सली गतिविधियों से मुक्त होने की ओर अग्रसर है। राज्य सरकार नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में विकास योजनाओं को गति देने में जुटी है। यह झारखंड सरकार की अच्छी पहल है।





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की इस दिशा में गंभीरता काबिले तारीफ है। वह जनता का भरोसा जीतने में सफल हो रहे हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर किया जा रहा है प्रयास प्रशंसनीय है। नक्सलियों के पुनर्वास के लिए राज्य सरकार की योजनाओं से कई नक्सली लाभान्वित हो रहे हैं। समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं। राज्य के आत्मसमर्पण नीति का भी लाभ मिल रहा है। इसके माध्यम से कई दुर्दांत नक्सलियों ने हथियार छोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापस आने का निर्णय लिया। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति तेज होने और बदलाव की बयार तेजी से बहाने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों की चहुंओर सराहना की जा रही है। ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। यह एक सुखद संकेत है।