रांची।झारखंड की आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल आजकल पूरे देश में सुर्खियों में छाईं हैं।मामला भ्रष्टाचार का है।पूजा सिंघल पर करोड़ों रुपए के घपले और घोटाले के संगीन आरोप हैं। मनरेगा, एनजीओ, कोल ब्लॉक, खदान, खनिज के तहत भ्रष्टाचार, मनी लांड्रिंग करने के कई मामलों की जांच चल रही है।अचानक देश के 5 राज्यों और 25 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय की ताबड़तोड़ छापेमारी से पूरा देश दंग रह गया।वो भी तब जब पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार सिंह के घर में भारी मात्रा में रुपए मिलना।ईडी ने सुमन के घर से 19.31 करोड़ रुपए बरामद किया जबकि पूजा सिंघल और उनके करीबियों के पास से लगभग 150 करोड़ रुपए के निवेश से संबंधित कागजात भी जब्त किए हैं।ईडी की छापेमारी खत्म हो गई है।अब केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई किसी भी समय पूरे मामले की जांच अपने हाथों में ले सकती है। संभव है उसके बाद पूजा सिंघल और उनके करीबियों की मुश्किलें और बढ़ेंगी। सीबीआई, ईडी की जांच में आगे कई और रसूखदारों के राज भी बाहर आएंगे। अफसरों ने चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन सिंह को महज एक मोहरा बताया है।
जानें कौन है पूजा सिंघल
पूजा सिंघल झारखंड सरकार की खान एवं उद्योग विभाग की सचिव है। पूजा सिंघल 2000 बैच की आईएएस अधिकारी है। पूजा सिंघल झारखंड में कई जिलों में उपायुक्त, डीएम रह चुकी हैं और इसके अलावा सरकार के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर बड़ी जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं।खूंटी, चतरा, पलामू में उपायुक्त रहते हुए पूजा सिंघल पर कई संगीन आरोप लगे।तमाम जांच के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।पूजा सिंघल को सत्ता को साधने में बहुत शातिर माना जाता है। खासकर अपने विरोधियों की बोलती बंद कराना भी बहुत अच्छे से जानती हैं।पूजा सिंघल के पास राजधानी रांची से लेकर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता तक बेशुमार चल-अचल संपत्ति है।पूजा सिंघल हर साल अपने मकानों के किराये से लाखों रुपये कमाती हैं।
आईएएस पति से तलाक लेकर रचाई दूसरी शादी
आईएएस पूजा सिंघल ने दो शादियां की हैं। उनके पहले पति राहुल पुरवार हैं। राहुल पुरवार झारखंड कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। 12 साल पहले पारिवारिक विवाद के कारण पूजा सिंघल का राहुल पुरवार से तलाक हो गया।इसके बाद पूजा सिंघल ने बिहार के रहने वाले एक बिजनेसमैन से दूसरी शादी रचाई।अभिषेक झा नाम का ये युवक मुजफ्फरपुर, मधुबनी का रहने वाला है। पूजा सिंघल से शादी करने वाले अभिषेक झा राजधानी रांची में पल्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के एमडी हैं।
पूजा सिंघल से जुड़े वे ठिकाने जहां हुई छापेमारी
रांची में पंचवटी रेजिडेंसी, लालपुर के हरिओम टावर, बरियातू के पल्स अस्पताल, पूजा सिंघल का सरकारी आवास, दूसरे पति अभिषेक झा के आवास पर,सीए सुमन सिंह के बूटी मोड़ स्थित घर में
राजस्थान : जयपुर में सहयोगी आरके जैन के ठिकानों पर
पश्चिम बंगाल : कोलकाता में तत्कालीन एंट्री आपरेटर के यहां
बिहार : मुजफ्फरपुर में पूजा सिंघल का ससुराल, दूसरे पति अभिषेक झा के घर में
दिल्ली एनसीआर : पूजा सिंघल के भाई के घर में
उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट हनुमान नगर में भी छापेमारी हुई थी, जहां से 19.31 करोड़ रुपए की नकदी मिली थी।
आईएएस पूजा सिंघल और उनके सहयोगियों के 25 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी शनिवार को समाप्त हो गई। इस दौरान रांची एयरपोर्ट के पास ईडी के दफ्तर में दिनभर गहमागहमी देखी गई। यहां दिल्ली से भी ईडी के अधिकारी पहुंचे। पूजा सिंघल के चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन सिंह को हिरासत में लेकर यहीं रखा गया था। अधिकारियों ने सुमन से घंटों पूछताछ की।
डायरी ने बढ़ाई कई ओहदेदारों की धुकधुकी, लपेटे में आएंगे सफेदपोश
प्रवर्तन निदेशालय को आईएएस पूजा सिंघल के ठिकाने पर छापेमारी में एक अहम डायरी हाथ लगी है। जिसमें मनी लांड्रिंग के जरिये किए गए पैसों के लेनदेन का पूरा ब्योरा दर्ज है। रिपोर्ट है कि इस डायरी में कई मंत्री, नेता, आइएएस, विधायक और पत्रकार के नाम व उनके मोबाइल नंबर दर्ज हैं। संभव है कि जांच आगे बढ़ने पर ईडी डायरी में जिक्र किए गए लोगों से भी पूछताछ कर सकता है। इस डायरी में पैसे के लेनदेन और निवेश संबंधी अहम व गोपनीय जानकारी लिखी गई है।





