गढ़वा।भाकपा माओवादी के पूर्व सबजोनल कमांडर भानु सिंह खरवार को पुलिस ने रविवार को प्रेमिका के साथ गिरफ्तार कर किया है।भानु के पास से एक AK- 47 राइफल और अन्य सामान बरामद हुआ हैं।विभिन्न थाना क्षेत्रों में भानु पर 10 अपराधिक मामले दर्ज हैं।





गढ़वा पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार झा ने पुलिस कार्यालय में मीडिया को बताया कि जिले के रंका, चिनिया, रमकंडा के साथ ही पलामू जिले के निकटवर्ती चैनपुर थाना क्षेत्र में भानु की सक्रियता लगातार बढ़ रही थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए रंका एसडीपीओ सुदर्शन कुमार आस्तिक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था।टीम ने भानु के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाकर उसपर दबाव बनाया। रविवार को कर्री और जून के जंगल में भानु के होने की सूचना मिली। इसके बाद इलाके में छापेमारी की गई।





एसपी ने बताया कि जंगल को चारों ओर से घेरते हुए पुलिस जब आगे बढ़ी तो भानु और उसकी प्रेमिका वृंदा कुमारी जवानों को देखकर भागने लगे। इस पर सुरक्षा बलों ने दौड़ाकर दोनों को दबोच लिया। भानु पुलिस की गिरफ्त से छूटने के लिए काफी छटपटाया,लेकिन जवानों की मजबूत पकड़ के आगे उसकी एक न चली। उसके पास से एके 47 राइफल, देसी कट्टा, करीब दो दर्जन कारतूस सहित अन्य सामान बरामद किए गए हैं।