धनबाद।एकीकृत बिहार में मंत्री रहे झारखंड के दिग्गज राजनेता डॉक्टर सबा अहमद का आज शनिवार सुबह पांच बजे नई दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया।काफी समय से बीमार चल रहे सबा अहमद को बीते दिनों इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था।रविवार को सबा अहमद शव गिरिडीह के पचंबा स्थित निवास स्थान पर लाया जाएगा।यही शव को सुपुर्दे खाक किया जाएगा।
आपको बता दें कि डॉक्टर सबा अहमद झारखंड-बिहार की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे।भाजपा में विलय से पहले तक अहमद झारखंड विकास मोर्चा की राजनीति कर रहे थे। झारखंड विकास मोर्चा के भाजपा में विलय के बाद पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष रहे अहमद ने अपने लिए नए राजनीतिक विकल्प तलाशने शुरू किए।कोरोना काल में अहमद की सेहत लगातार गिरती चली गई और फिर सक्रिय राजनीति से किनारा कर लिया।अहमद को अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद उनके समर्थक लगातार उनके बेहतर स्वास्थ्य की दुआ मांग रहे थे।
अविभाजित बिहार के समय पहले लालू प्रसाद यादव और फिर राबड़ी देवी की सरकार में अहमद मंत्री रहे।संयुक्त बिहार में अहमद उच्च शिक्षा और कारा मंत्री रहे।झारखंड विधानसभा उपाध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष की भी कुर्सी संभाल चुके थे। अहमद ने अपना राजनीतिक करियर झारखंड मुक्ति मोर्चा से शुरू किया था।अहमद के पिता डॉ आई अहमद गिरिडीह से कांग्रेस के सांसद रह चुके थे।अहमद ने तीन बार टुंडी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।टुंडी जैसी सीट से अहमद राजद के टिकट पर भी चुनाव जीते थे।





