प्रयागराज।संगम नगरी में शुक्रवार 10 जून को जुमे के बाद हिंसा और बवाल को अंजाम देने वाले उपद्रवियों पोस्‍टर जारी कर दिया गया है।पुलिस ने उपद्रवियों का पोस्टर जारी कर लोगों से यह अपील की है कि वे इन उपद्रव‍ियों की पहचान कर उनके बारे में सूचना दें।सूचना देने वालों का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा।





एसएसपी अजय कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि बवाल‍ियों के ये पोस्‍टर शहर में जगह-जगह लगाए जाएंगे।उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।गिरफ्तारी न होने पर कोर्ट से वारंट लेकर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि वीडियो,सीसीटीवी फुटेज और नामजदगी के आधार पर 40 और आरोपियों की पहचान की गई है।इन आरोपियों के पोस्टर भी तैयार कर लिए गए हैं।जल्द ही इनके पोस्टर सार्वजनिक कर दिए जाएंगे।





एसएसपी ने बताया कि अगर ये आरोपी कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं या फिर पुलिस इन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाती है तो इनके खिलाफ पुलिस अदालत से एनबीडब्ल्यू वारंट जारी कराकर कुर्की की कार्रवाई भी अमल में लाएगी।हिंसा के मामले में तीन मुकदमे दर्ज किए गए थे।इनमें 80 से अधिक नामजद और 5000 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।इसमें से अब तक 92 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया हैं।उन्होंने बताया कि आने वाले जुमे को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है।इलाके में अतिरिक्त पुलिस की तैनाती की गई है और लोगों को भी समझाने बुझाने का क्रम जारी है।किसी बेकसूर के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं होगी, लेकिन किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की कतई इजाजत नहीं दी जाएगी।





एसएसपी ने बताया कि किसी राजनीतिक दल के खिलाफ पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करेगी, लेकिन राजनीतिक दलों से जुड़े जिन व्यक्तियों नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस हिंसा के मुख्य अभियुक्त जावेद मोहम्मद उर्फ जावेद पंप के घर से मिले दो असलहे, कारतूस और चाकू के साथ आपत्तिजनक पर्चे को लेकर भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।इस मामले में करेली थाने में एफआईआर दर्ज हो चुकी है।जांच में पुलिस ने इसको शामिल किया है।





एसएसपी ने बताया कि पुलिस या प्राइवेट लोगों के जो वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं और यहां तैनात की गई पुलिस फोर्स का खर्च मिलाकर एक करोड़ से ज्यादा की वसूली उपद्रवियों से की जाएगी।जिलाधिकारी की ओर से सूची तैयार की जा रही है उसी के आधार पर दावा अधिकरण के माध्यम से वसूली की कार्रवाई की जाएगी।





डीएम संजय खत्री ने बताया कि हिंसा के छठे दिन अटाला क्षेत्र में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।कुछ दुकानें भी खुल रही हैं।उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन ने क्षेत्र के सम्मानित लोगों को आश्वस्त किया है कि जो लोग हिंसा में शामिल हैं, पुलिस उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई करेगी।खास तौर पर वीडियो फुटेज और सीसीटीवी में जो चेहरे और नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए एक कमेटी बनाई गई है। कमेटी ही निर्धारित करेगी।