धनबाद।कुख्यात प्रिंस खान के घर चौखट उखाड़ हुई कुर्की के बाद जहां उसके गुर्गे हर रोज आत्मसमर्पण कर रहे हैं,वहीं कई दिनों के बाद फिर से प्रिंस खान के नाम पर धनबाद के कारोबारियों को फोन कर रंगदारी मांगने का मामला भी सामने आया है। शनिवार की शाम से रात तक एक अज्ञात युवक ने रत्न का कारोबार करने वाले गहना दुकानदारों से फोन पर चार-पांच लाख रुपए रंगदारी मांगी। कारोबारियों ने मामले की शिकायत थाने में की है।





कोलाकुसमा निवासी प्रवीण कुमार वर्णवाल और बरटांड़ पंडित क्लीनिक के पास स्थित श्री दुर्गा मार्केट निवासी अशोक खत्री सहित सरायढेला के एक अन्य गहना कारोबारी शामिल हैं।फोन करने वाले ने तीनों व्यवसायियों को अपना परिचय प्रिंस खान के मैनेजर के रूप में दिया। तीनों से रुपए देने की मांग की गई। रंगदारी नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। व्यवसायियों और फोन करने वाले की बीच हुई बातचीत की रिकार्डिंग भी पुलिस को मुहैया कराई गई है।





बरटांड़ पंडित क्लीनिक मोड़ पर स्थित खत्री जेम्स एंड ज्वेलर्स के मालिक अशोक खत्री ने धनबाद थाना को दी तहरीर में बताया कि उन्हें शनिवार की शाम 5.37 बजे व शाम 5.39 बजे मोबाइन नंबर 7777775550 से कॉल आए। फोन करने वाले ने कहा कि वह छोटे सरकार प्रिंस खान का मैनेजर बोल रहा है। पांच लाख रुपए रंगदारी देना होगा। नहीं देने पर एके-47 से गोली मार कर खोपड़ी खोल देंगे।





जिस नंबर से अशोक खत्री को फोन आया उसी नंबर से शनिवार की रात 8.42 बजे हीरापुर माधव अपार्टमेंट के सामने स्थित ब्यूटी जेवर के मालिक प्रवीण कुमार वर्णवाल को भी कॉल आया। उनसे चार लाख रुपए रंगदारी मांगी गई और कहा गया कि प्रिंस खान का मैनेजर बोल रहे हैं, रंगदारी नहीं दी तो गोली चलेगी और गोली चली तो आठ लाख या उससे ज्यादा भी देना होगा। सरायढेला के भी एक कारोबारी को फोन कर रंगदारी मांगी गई।





प्रिंस खान या उसके गुर्गे पहले लोकेशन छिपाने के लिए व्हाट्स कॉल ही करते रहे हैं, लेकिन शनिवार को डायरेक्ट लाइन से जेवर दुकान मालिकों को फोन किए गए। पुलिस उस नंबर का लोकेशन व अन्य जानकारी जुटा रही है। प्रिंस खान के नंबर के अंत में भी 5550 है और धमकी देने वाले के नंबर के अंत में भी यही नंबर है। पिछली बार वीडियो वायरल कर प्रिंस ने कहा था कि वह 5550 नंबर से ही कॉल करता है।





फोन करने वाले का वास्ता प्रिंस खान से है या फिर वह प्रिंस जैसा नंबर हासिल कर उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा है। पुलिस इस बिंदु पर गहराई से जांच कर रही है। पुलिस फोन करने वाले की आवाज की पहचान वासेपुर में करा रही है। कुर्की जब्ती के बाद से प्रिंस खान की गतिविधियां बंद थीं, अब उसके मैनेजर के सामने आने के बाद पुलिस के कान खड़े हो गए हैं।