प्रतिनिधि,हजारीबाग। आजादी के अमृत महोत्सव पर हजारीबाग स्थित बीएसएफ मेरू कैंप में फिट इंडिया कार्यक्रम टू के तहत श्रृखंलाबद्ध कड़ी को लेकर वॉकथॉन का आयोजन किया गया। बीएसएफ के महानिरीक्षक इन्द्रजीत सिंह राणा मुख्य रुप से मौजूद थे। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य आम नागरिकों को स्वास्थ के प्रति जागरूक करना, शारीरिक व मानसिक तौर पर मजबूत करना है। वॉकथॉन मेरू कैंप मुख्य द्वार से प्रारम्भ होकर मेरू गांव, सिल्वार कला, सिलवार खुर्द व आसपास के ग्रामीण इलाकों से होते हुए परिसर स्थित एडम पीटी ग्राउंड में 10 किमी सफर के बाद समाप्त हुई।
कार्यक्रम में मेरू कैंप के अधिकारियों, अधिनस्थ अधिकारियों एवं अन्य कार्मिकों ने हिस्सा लिया। वॉकथॉन के दौरान आम नागरिकों ने मेरू कैैंप के कार्मिकों द्वारा स्वास्थ के प्रति जागरूकता रैली के प्रयास को सराहा। वहीं कई जगहों पर आम नागरिकों ने भी इस जागरूकता रैली में हिस्सा लिया। समापन पर महानिरीक्षक इन्द्रजीत सिंह राणा ने कहा कि वॉकथॉन के निरंतर अभ्यास से हमारा शरीर स्वस्थ रहता है। वॉकथॉन जैसी गतिविधियों से सम्पूर्ण शरीर का व्यायाम होता है। इसके द्वारा हमेें शारीरिक व मानसिक तौर पर स्वस्थ रहने में मदद मिलती है। हमें स्वस्थ जीवन जीने के लिए हर रोज स्वंय से 40 से 50 मिनट का समय शारीरिक गतिविधियों में व्यतीत करना चाहिए क्योंकि स्वस्थ शरीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। आश्वस्त किया कि प्रशिक्षण केन्द्र एवं विद्यालय भविष्य में इसी प्रकार स्वास्थ के प्रति जागरूकता अभियान का आयोजन करता रहेगा।





