प्रतिनिधि,बड़कागांव। शुक्रवार को बड़ी ही अकीदत और उल्लास के साथ रमजान अलविदा की नमाज अदा की गई। बड़कागांव प्रखंड के जामा मस्जिद बादम, जामा मस्जिद बड़कागांव, जामा मस्जिद बलिया, मस्जिद ए मुकद्दस बादम, सीरमा मस्जिद, डाडी़ मस्जिद, सिंदुवारी मस्जिद, चेपा मस्जिद, बड़कागांव चट्टी मस्जिद, महुदी मस्जिद, महुगाई मस्जिद, हाहे मस्जिद, चंदौल मस्जिद सहित अन्य जगहों पर अलविदा की नमाज पढ़कर आपसी भाई-चारे की नजीर पेश की गई।
अलविदा जुमे की नमाज में बच्चे, बड़े और बुजुर्गों में काफी उत्साह देखी गई। समय से पहले ही लोग स्नान ध्यान कर साफ़ कपड़े पहन कर और इतर और सुरमा लगा कर मस्जिद जाने लगे। प्रखंड के सभी मस्जिदों में सैकड़ों की संख्या में अकीदत मंदों ने अलविदा जुमे की नमाज पढ़ी। सभी मस्जिदों खचाखच भीड़ भरी रही। नमाज से पूर्व ईद के नमाज के समय का भी ऐलान किया गया। जामा मस्जिद बादम में ईद की नमाज सुबह 8 बजे पढ़ी जाएगी। रमजान के पवित्र महीने के आखरी जुमे को अलविदा कहा जाता है। अलविदा जुमा साल में सिर्फ और सिर्फ एक ही बार अदा करने का मौका मिलता है। रमजान के पवित्र महीने में इस जुमे की अहमियत, बरकत, अजमत और शान बहुत ज्यादा बढ़ जाती है। अलविदा जुमा इस लिए भी बहुत खास है,जिस तरह से रमजान में हम गलत कामों से दूर रहे।जरूरतमंदो की मदद की वैसे ही पूरे साल बुरे कामों से दूर रहना है,जरूरतमंदों की मदद करना है। नमाज के बाद देश में अमनों-अमान व खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई।





