प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बीते 5 जनवरी की रात्रि 9:30 बजे बर्मामाइंस थाना अंतर्गत कैरेज कॉलोनी के पास स्थित रेलवे साइडिंग में हुई गोलीकांड मामले में पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती कैरेज कॉलोनी निवासी आरोपी मो. शाहिद को गिरफ्तार कर सोमवार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
मामले का खुलासा एसपी सिटी के. विजय शंकर ने सोमवार पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेसवार्ता में किया। वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि घटना में 4 से 5 लोग भी शामिल थे और जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी भी कर रही है। साथ ही पुलिस ने मनोज दास पर फायरिंग करने के एक अन्य मामले में भी बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी निवासी आरोपी मो. अफजल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मो. अफजल पर बर्मामाइंस थाने में पहले से ही तीन अपराधिक मामले में दर्ज है। साथ ही एसपी सिटी ने कहा कि मो. शाहिद पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसने रेलवे साइडिंग में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए ही मो. रेयाज उर्फ लिकड़ी पर गोली चलाई थी।
एसपी ने कहा कि हथियार की छीना-झपटी के दौरान ही गोली चली थी। जबकि लिकड़ी ने कहा था कि उसपर अफजल ने गोली चलाई थी। मगर बाद में उसने कहा कि मो. शाहिद ने गोली चलाई है। आरोपी मो. शाहिद पर बर्मामाइंस थाने में कुल 9 आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।छापेमारी टीम में बर्मामाइंस थाना प्रभारी अजय कुमार, एसआई राजेंद्र सिंकु, मनोहर कुमार मठपति, राजेश कुमार, कृष्णपाल सिंह पवैया, एएसआई विजय कुमार, राम कुमार उपाध्याय, संजय कुमार यादव और आरक्षी 209 विनय पांडेय भी शामिल थे।





