प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बीते 16 दिसंबर बर्मामाइंस थानांतर्गत कैरेज कालोनी संतोषी मंदिर के पास एसएफसी ठेकेदार अजय पांडेय उर्फ भोला को गोली मारकर घायल करने के मामले में दो दिन बाद पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। घायल अजय पांडेय उर्फ भोला पांडेय के बयान पर थाने में कैरेज कालोनी निवासी अजीत गुप्ता, पवन मंडल व मनोज दास और बागबेड़ा के रहने वाले आयुष दास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं घटना के बाद से ही चारों आरोपी फरार हैं।





मामले में बताया जा रहा है कि 16 दिसंबर को चारों आरोपियों ने अजय पांडेय उर्फ भोला पांडेय को मनोज दास के गैरेज के पास घेरकर जान मारने की नियत से उस पर गोली चलाई थी। इस दौरान अपराधकर्मियों द्वारा चलाई गई गोली अजय पांडेय के पैर में जा लगी। जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया। जहां वे इलाजरत है। जबकि सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और वहां से खोखा भी बरामद किया। बताते चलें कि इससे पूर्व भी बर्मामाइंस क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर गैंगवार की घटना घट चुकी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।