प्रतिनिधि,चतरा। मंगलवार की तड़के सदर प्रखंड के यादव होटल के समीप एक बलेनो कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों में पूनम गंझू(40 वर्ष) पिता पूरन गंझू व सुबोध गंझू (11 वर्ष) पिता पूनम गंझू का नाम शामिल है। घायल पिता पुत्र डाढा-बैरियो गांव के रहने वाले बताए जाते है।





घायलों को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं गंभीर रूप से जख्मी 11 वर्षीय बालक को हजारीबाग रेफर कर दिया गया। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद बेलेनो कार भाग रहा था,इसी क्रम में पोस्टऑफिस -अंबेडकर चौक के पास लोगों ने कार को धर दबोचा। जिसवक्त लोगों ने कार चालक को पकड़ा,उस वक्त चालक पूरी तरह से नशे में धुत था। वहीं कार में पलामू टाइगर लिखा हुआ था।





पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बलेनो कार पलामू जिला के पाटन से हजारीबाग जा रहा था। इसी दौरान यादव होटल के समीप पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेकर वापस लौट रहा था। वहीं विपरीत दिशा से आ रहे मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। घटना के बाद सदर थाना के सब इंस्पेक्टर न‌इम अंसारी व एएसआई शशिकांत ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक समेत वाहन को जप्त कर लिया है।