मेरठ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पार्ट-2 में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ जबरदस्त कार्रवाई हो रही है।अगर अधिक कार्रवाई की बात की जाए तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ रेंज में कार्रवाई हुई है। योगी सरकार पार्ट-2 में अपराधियों और माफियाओं की लगभग एक अरब 63 करोड़ की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।इतना ही नहीं मेरठ रेंज के तीन बड़े माफियाओं की लगभग 7 करोड़ 25 लाख की प्रॉपर्टी पर बाबा का बुलडोजर गरज चुका है।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एनसीआर का एक बड़ा हिस्सा मेरठ रेंज में आता है।यहां अपराध और अपराधियों के खात्मे को लेकर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई।





मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार के मुताबिक मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर की बात करें तो उत्तर प्रदेश में दूसरी बार योगी सरकार बनने के बाद अब तक माफियाओं की एक अरब 62 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति कुर्की जा चुकी है।इसके अलावा पश्चिम उत्तर प्रदेश के बड़े माफियाओं को चिन्हित कर उनकी और उनके गिरोह से जुड़े हुए दूसरे लोगों की लगभग 7.25 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर बाबा का बुलडोजर गरज चुका है।इनमें सबसे बड़ा नाम बदन सिंह बद्दो, अंतरराष्ट्रीय गौ तस्कर अकबर बंजारा, वाहन माफिया गला और ड्रग्स माफिया तस्लीम का है।





इनके अलावा मेरठ में दो माफियाओं की लगभग 5 करोड़ 25 लाख की प्रॉपर्टी पर बाबा का बुलडोजर गरज चुका है।पश्चिम उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा कलंक मेरठ के सोतीगंज का था। मेरठ के इस सोतीगंज में पिछले लगभग तीन दशकों से चोरी के वाहनों का काला कारोबार चल रहा था।इसे योगी सरकार में जड़ से उखाड़ दिया गया है।पुलिस ने सोतीगंज पर सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 से अधिक कुख्यात वाहन चोर और वाहन माफियाओं को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।वाहन माफियाओं की करोड़ों की संपत्ति कुर्क की गई।





योगी सरकार का अपराधियों में दहशत इस कदर रही कि अपराधियों ने अपने धंधे बदल लिए।कल तक जो दुकानें चोरी के वाहनों के सामान से भरी रहती थीं आज उनमें कपड़े और राशन का सामान बिक रहे हैं।खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस मामले में योगी सरकार और मेरठ पुलिस की तारीफ की।





आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में सरकारे पहले भी बनी और प्रदेश भी चला,लेकिन नेताओं और अपराधियों की गठजोड़ में प्रदेश में अपराध का राज कायम था।अब प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का बीड़ा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उठाया है।अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने पर शासन का फोकस है।जरायम की दुनिया चलाने वाले या तो प्रदेश से बाहर चले जाएं या फिर अपराध की दुनिया से किनारा कर ले,क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसी को बख्शने के मूड में नहीं हैं।