प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बिष्टुपुर मेन रोड स्थित श्रीराम मंदिर में आगामी बुधवार 28 दिसम्बर से 5 जनवरी तक श्री अम्बा यज्ञ नव कुण्डीय श्री सहस्त्रचंडी महायज्ञ एवं श्रीमदद्देवी भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का आयोजन होने जा रहा हैं। वहीं श्रीविद्या शक्तिसर्वस्वम् चेन्नई के नेतृत्व में टाटानगर इकाई द्वारा जगज्जननी भगवती श्रीमाता ललिताम्बा की महती कृपा और अलौकिक संयोग से ही लौहनगरी में दूसरी बार आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पुरी कर ली गई हैं। सभी कार्यक्रमों का पावन सानिध्य परमपूज्य श्री विजय गुरुजी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा। साथ ही यज्ञ हवन की पूर्णाहुति के साथ महा भंडारा का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस संबध में सोमवार बिष्टुपुर स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन कर्ताओं ने बताया कि 28 दिसंबर सुबह 8 बजे से बिष्टुपुर स्थित लक्ष्मी नारायण गोस्वामी परमहंस मंदिर से 1100 महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी और जो बिष्टुपुर रीगल गोलचक्कर मुख्य मार्ग होते हुए राम मंदिर पहुंचेगी। जिसके बाद दोपहर 3 बजे अरवी मंथन द्वारा अग्नि प्रज्वलित की जाएगी। इसी तरह दूसरे दिन 29 दिसम्बर से 4 जनवरी तक रोजाना सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक 37 जोड़ों द्वारा यज्ञ हवन किया जाएगा। साथ ही 701 आहुति के माध्यम से विधिवत रूप से 71 वैदिक विद्वान द्वारा वैदिक मंत्रोचार के साथ यज्ञाचार्य श्री नेमि चंद शास्त्री की देखरेख में संपन्न होगा। रोजाना संध्या 4 से 7 बजे तक श्रीमद भागवत कथा परम पूज्य विजय गुरूजी महाराज (चेन्नई) के मुखार बिन्द से होगी। कथा के उपरांत सभी भक्तो के बीच भंडारा प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।
इस दौरान 31 दिसंबर की रात्रि विशेष आकर्षक के रूप में माता की चौकी का आयोजन किया गया है। वहीं कार्यक्रम में वर्ष 2022 की विदाई एवं 2023 नववर्ष का स्वागत धूमधाम से माता के श्री चरणों में किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के भजन गायक के अलावा प्रख्यात भजन गायिका उमा लहरी (जयपुर) द्वारा भजनों की अमृत वर्षा की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि यज्ञ एवं हवन के लिए 3100 स्क्वायर फीट की पूर्ण रूपेण लोहे की शीट से यज्ञशाला निर्माण किया गया है। जिसमें अलग-अलग देवता के 16 स्तंभ भी बनाए गए हैं। सनातन धर्म के अनुसार सभी स्तम्भ के अलग अलग महत्व है। इसके अलावा हवन के लिए 9 कुंड तैयार किया गया हैं। उन्होंने बताया कि हवन कुंड की परिक्रमा के अनेक फायदे होते हैं। इसलिए भक्तों की सुविधा के लिए परिक्रमा के लिए मात्र 10 रुपए में पूजन वस्तु उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही रोजाना गौ पूजा से पूजन का आरंभ होगा। जिसके तहत मंदिर परिसर में एक गौशाला भी बनाया गया है। जहां भक्त गौ सेवा कर सकेंगे। मौके पर नेमी चंद शास्त्री, दिलीप कुमार रिंगसिया, राजेश पसारी, पवन अग्रवाल, अशोक दाहिमा, अरूण बांकरेवाल, विमल गुप्ता, आशीष अग्रवाल, अशोक मोदी, प्रदीप अग्रवाल, मनोज गुप्ता समेत अन्य मौजूद थे।





