विशेष संवाददाता





रांची। राष्ट्रीय जनता दल के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने कहा है राजद को बोर्ड-निगम और बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन कमेटी में समुचित भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में गठबंधन की अगुवाई कर रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेताओं को गंभीरता से सोचते हुए सकारात्मक पहल करने की जरूरत है।यादव शनिवार को राजद प्रदेश कार्यालय में पूर्वांचल सूर्य के न्यूज एडिटर से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि जब तक बच्चा रोता नहीं है, तब तक मां भी उसे दूध नहीं पिलाती है। इसलिए राष्ट्रीय जनता दल, झारखंड प्रदेश की ओर से इस दिशा में राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। राजद की ओर से बोर्ड-निगम और 20 सूत्री कमेटी में हिस्सेदारी की मांगें जायज है।





उन्होंने कहा कि झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल का जनाधार बढ़ रहा है। पार्टी ने पूरे राज्य में 25 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। सभी जिलों में सदस्यता अभियान तेज करने का निर्देश पार्टी के जिला अध्यक्षों को दिया गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को राजद की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का भी दिशा निर्देश दिया गया है। संगठन को सशक्त बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।





जनहित में बनी राजद की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना लक्ष्य:रानी कुमारी





झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (महिला प्रकोष्ठ) की नवमनोनीत प्रदेश अध्यक्ष रानी कुमारी ने कहा है कि राजद की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना मुख्य लक्ष्य है। पार्टी से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। महिला कल्याण और महिला हितों के संरक्षण को लेकर राजद हमेशा से मुखर रहा है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राजद कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नीतियों-सिद्धांतों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। राजद जमीन से जुड़ी हुई पार्टी है। राजद के लिए जनहित सर्वोपरि है। जनकल्याण और जनता की समस्याओं का समाधान पार्टी के प्राथमिकताओं में शामिल रहा है।





उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के कुशल मार्गदर्शन में झारखंड में भी राष्ट्रीय जनता दल के नेता व कार्यकर्ता जनहित के कार्यों को गति देने में लगे हुए हैं। इससे पार्टी के प्रति लोगों के विश्वास में काफी वृद्धि हुई है।





उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी के जनाधार को बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। रानी कुमारी ने कहा कि राजद गठबंधन धर्म का पालन करते हुए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को गति देने में हर संभव सहयोग कर रही है। गठबंधन की अगुवाई कर रहे दल को विभिन्न बोर्ड-निगमों सहित 20 सूत्री कार्यान्वयन समिति में राजद को समुचित सहभागिता देने की दिशा में पहल करनी चाहिए।





युवाओं के हित के लिए समर्पित है राजद: रंजन यादव





झारखंड प्रदेश युवा राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष रंजन यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी युवाओं के हितों के संरक्षण के प्रति समर्पित है। युवाओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने हेतु सतत प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है।





उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में झारखंड के युवाओं को सिर्फ सब्जबाग दिखाया जाता रहा है। भाजपा की नीतियों से युवा अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। झारखंड के गठबंधन की सरकार युवाओं के हित में कई योजनाओं को धरातल पर उतारने में सफल रही है। श्री यादव ने कहा कि राज्य के अधिकतर युवाओं का रुझान राष्ट्रीय जनता दल के प्रति बढ़ रहा है। हर जिले से युवा राष्ट्रीय जनता दल से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद जमीन से जुड़ी हुई पार्टी है। राजद कार्यकर्ता जनहित के प्रति समर्पित भाव से जुटे रहते हैं।