अयोध्या।अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार बुधवार को भव्य राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ है।भारी संख्या में श्रद्धालु रामलला का दर्शन करने पहुंचे हैं।दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु रामलला का दर्शन करके अभिभूत हैं।श्रध्दालु खुद को भाग्यशाली मान रहे हैं।कड़ाके की ठंड पर आस्था भारी पड़ी।अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार भी इनमें क‌ई ऐसे भी हैं, जो बीते साल भी 22 जनवरी को रामनगरी में थे।





अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार बुधवार को एक वर्ष पूरा हुआ है।इस ऐतिहासिक मौके को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह छाया हुआ है।राम मंदिर ट्रस्ट ने हिंदी कैलेंडर के अनुसार 11 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा का वार्षिक उत्सव मनाया था,लेकिन फिर भी अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार जीवन की सारी गतिविधियों का लेखा-जोखा करने वाले आज उस 22 जनवरी को जीने और देखने के लिए फिर रामनगरी में हैं।





सुबह से ही सरयू में आस्था की डुबकी लगाने के बाद रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी लग गईं।ट्रस्ट को इसका अनुमान था इसलिए व्यवस्थाएं भी इसी के अनुसार की गई थी। राम मंदिर के आसपास का सारा क्षेत्र ब्रह्म मुहूर्त से ही जय श्रीराम के जयकारों से गूंजने लगा।हनुमानगढ़ी,दशरथ महल, कनक भवन सहित रामनगरी के सभी मंदिर आज श्रद्धालुओं से भरे हुए हैं।होटल और धर्मशालाएं पहले से ही श्रद्धालु आरक्षित कराए हुए थे।महाकुंभ से आकर फिर वही लौट जाने वालों श्रध्दालुओं की संख्या भी कम नहीं है।खचाखच भरी सभी पार्किंग इसकी गवाही दे रही हैं। स्थानीय श्रद्धालु भी बहुत आए हैं।





सुरक्षा को लेकर के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।रामनगरी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा है। छह जोन और 17 सेक्टर में बांटकर रामनगरी की सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है। जोन में राजपत्रित अधिकारियों और सेक्टर में सीओ स्तर के अधिकारी की तैनाती की गई है।





राम मंदिर परिसर में आज कोई भी विशेष कार्यक्रम नहीं हो रहा है। राम मंदिर में प्रतिदिन की दिनचर्या के अनुरूप ही पूजा- पाठ और राग भोग चल रहा है। प्राण प्रतिष्ठा का वार्षिक उत्सव राम मंदिर ट्रस्ट हिंदी तिथि के अनुसार मना चुका है। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार आज श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिख रहा है।