रांची।भारतीय जनता पार्टी आज रविवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में धरती आबा बिरसा मुंडा विश्वास रैली करेगी।रैली में मुख्य अतिथि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शिरकत करेंगे।नड्डा रविवार पूर्वाह्न 11 बजे राजधानी रांची पहुंचेंगे।रैली की तैयारियां पूरी हो गई हैं।





शनिवार की शाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने प्रेसवार्ता में कहा कि यह रैली ऐतिहासिक होगी। प्रकृति की पूजा व रक्षा करने वाले आदिवासी समाज की इस रैली में बड़ी भागीदारी होगी। इसे धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर धरती आबा बिरसा मुंडा विश्वास रैली नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि रैली में शिरकत करने के लिए जेपी नड्डा 11 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे,जहां पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन होगा। एयरपोर्ट से पार्टी कार्यालय तक सात स्थानों पर उनका स्वागत होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगे।





राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाली धरती आबा बिरसा मुंडा विश्वास रैली की सभी तैयारियां भाजपा ने पूरी कर ली है। शनिवार को भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने रैली स्थल का मुआयना किया।





रैली का स्थल का मुआयना करने के बाद दीपक प्रकाश ने कहा कि यह रैली झारखंड में रहने वाले 32 जनजाति समूह की संस्कृति का परिचायक होगी। उन्होंने कहा कि रैली के दौरान आदिवासी समाज के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जा रहे उत्थान कार्यों की भी चर्चा की जाएगी।





अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद समीर उरांव ने दावा किया कि सांस्कृतिक रैली और जतरा में प्रदेश भर के 50 हजार से अधिक लोग शिरकत करेंगे। रैली में सांस्कृतिक कलाओं का भी प्रदर्शन होगा, झारखंड की संस्कृति की झलक होगी,पौष्टिक खाद्य पदार्थों का भी स्टाल होगा,छौ नृत्य, पाइका, संथाली, हो आदि का भी प्रदर्शन होगा। इस दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश प्रवक्ता मिस्फीका हसन भी उपस्थित थीं।