पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,हज़ारीबाग। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ के अवसर पर छठ व्रतियों और सहयोगियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका ख़्याल रखते हुए भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनीष जायसवाल ने सराहनीय पहल की। मनीष जायसवाल ने अपने मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी के साथ बाइक पर सवार होकर निकले और शहर के विभिन्न छठ समितियों का उत्साहवर्धन किया।
सांसद मनीष जायसवाल ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 36 स्थित प्रमोद विहार कॉलोनी और मासीपीढ़ी छठ घाट पर भाजपा प्रत्याशी प्रदीप प्रसाद ,स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और अपने समर्थकों के साथ अस्तलचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और सभी को छठ महापर्व की बधाई दी।साथ ही भगवान भास्कर से उन्होंने सभी के जीवन में आरोग्य, समृद्धि और सुख- शांति की कामना की।
इससे पहले सांसद मनीष जायसवाल शहर के अनन्दा चौक समिति और हुडहुडू जोड़ा तालाब परिसर में स्थानीय छठ पूजा समिति द्वारा आयोजित सूप, दूध और पूजन सामग्री वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए।इस दौरान विभिन्न छठ पूजा समितियां द्वारा सांसद मनीष जायसवाल और भाजपा प्रत्याशी प्रदीप प्रसाद को अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
हुडहुडू और मासीपीढ़ी छठ घाट पर स्थानीय समाजसेवी सह युवा भाजपा नेता अविनाश यादव के संग सांसद मनीष जायसवाल ने छठ महाव्रतियों का अभिनंदन करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। छठ महापर्व के सफल आयोजन में जुटे प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, समाजसेवी, विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संगठन, विभिन्न धार्मिक, राजनीतिक, समाजिक और शैक्षणिक संस्थानों को मनीष जायसवाल ने बधाई और शुभकामनाएं दी।





