गुमला।झारखंड के गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।जहां एक शख्स ने अपनी मंगेतर पर चाकू से हमला कर बेरहमी से कत्ल करने के बाद कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
घटना जिले के बसिया थाना क्षेत्र के सरुड़ा गांव की है।आरोपी अरविंद कुजूर जिले के रायडीह सिकोई गांव का रहने वाला है। बसिया थानेदार छोटू उरांव और केस के आइओ एसआई मिनकेतन कुमार ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस अरविंद की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। थानेदार ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए ही उसने कोर्ट में सरेंडर किया है।
आपको बता दें कि 14 नवंबर को दिन में लगभग तीन बजे सरुड़ा गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर रहने वाली सिमडेगा के कुरडेग निवासी जीएनएम जेनेविभा तिर्की पर उसके होने वाले पति अरविंद कुजूर ने चाकू से कई बार वार किया था।जेनेविभा तिर्की की मौके पर मौत हो गयी।अपनी मंगेतर की हत्या करने के बाद अरविंद फरार हो गया था।जेनेविभा की फुआ रेंगारी निवासी दोमणिका तिर्की ने बसिया थाने में आवेदन देकर अरविंद कुजूर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवायी थी।
दोमणिका तिर्की ने अरविंद कुजूर पर उनकी भतीजी की हत्या करने का आरोप लगाया और जल्द से जल्द उसकी गिरफ्तारी की मांग की। इधर अरविंद के कोर्ट में समर्पण करने की जानकारी मिलने पर जेनेविभा के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि हत्या के आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।





