जमशेदपुर।सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी ने शनिवार जुगसलाई आरओबी कार्य प्रगति का निरक्षण किया।वहीं मंत्री और विधायक जुगसलाई की तरफ से आरओबी पर चढ़कर थाना के पास उतरे। जिसके बाद जनता से संवाद किया।इस दौरान स्थानीय जनता ने दोनों जनप्रतिनिधियों को कई सुझाव भी दिए।
आरओबी पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था के संबंध में मंत्री बन्ना गुप्ता ने दूरभाष पर बात कर उपायुक्त से जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से लाइट लगवाने का आग्रह भी किया। साथ ही स्थानीय मो. इम्तियाज के आग्रह पर राखड़ मैदान को विकल्प के रूप में खेल मैदान एवं पार्क के निर्माण के लिए रेलवे एवं जुस्को को आग्रह करने की बात भी कही। इसी तरह पार्किंग एवं टेंपो स्टैंड विकसित करने के लिए जुगसलाई नगर परिषद् प्रस्ताव तैयार करें।
पथ निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया कि आरओबी के दोनों ओर की दीवार पर ऊंची जाली लगाई जाए। साथ ही दोनों प्रवेश में सड़क से चढ़ते और उतरते समय गोल चक्कर अथवा जो आवश्यक डिवाइडर की व्यवस्था हो वह की जाए। जबकि जुगसलाई थाना को निर्देश दिया गया कि जो भूमि खाली पड़ी है, उस पर पुनः अतिक्रमण ना हो इस बिंदु का ध्यान रखें। साथ ही मंत्री ने उपायुक्त से विस्थापितों के पुनर्वास के लिए सीएसआर फंड से योजना बनाने का आग्रह भी किया है। ट्रैफिक पुलिस से आग्रह किया कि जुगसलाई तरफ एक कैंप के निर्माण का विकल्प तलाशें। साथ ही अग्निशामक विभाग से आरओबी के नीचे अथवा खाली भूमि पर गाड़ियां खड़ी करने का निर्णय लेने की बात भी कही। वहीं विस्थापितों के लिए जो घर बनाए गए हैं,उनके लिए डीप बोरिंग और बिजली की व्यवस्था कराने की बात भी मंत्री बन्ना गुप्ता ने कही।
मौके पर गोविंद दोदराजका, कमल किशोर अग्रवाल, वीणा खीरवाल, सत्यनारायण अग्रवाल मुन्ना, उमेश खीरवाल, मो. जमील, मो. जाहिद, मो. इम्तियाज, मो. इमरान, लिपू शर्मा, विश्वनाथ शर्मा, पंकज अग्रवाल, पीयूष गोयल, गिरधारी लाल शर्मा, नरेश खीरवाल, सुशीला खीरवाल, अनिल सिंह, बबलू हल्दिया, अरुण अग्रवाल, आनंद दोदराजका, आदर्श दोदराजका, राजेश मेगोतिया लड्डू, मुकेश मित्तल, लोचन मेगोतिया, शंकर लाल मित्तल, संदीप मुरारका समेत भारी संख्या में स्थानीय जनता और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।





