प्रतिनिधि,पिपरवार (चतरा)। इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे ने सीसीएल के मजदूरों की समस्याओं को लेकर सीसीएल सीएमडी के साथ बैठक की। इस बैठक में पिपरवार कोयलांचल क्षेत्र के असंगठित मजदूर और पिपरवार क्षेत्रीय अस्पताल का मुद्दा छाया रहा।
आरसीएमएस के पिपरवार क्षेत्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश प्रजापति के द्वारा पिपरवार क्षेत्रीय अस्पताल में 2 वर्षों से खराब पड़े एक्सरे मशीन को बदलने, मेडिकल स्टाफ की बढ़ोतरी करने, नर्स की बढ़ोतरी करने, बचरा साइडिंग में कार्यरत असंगठित मजदूर के सीएमपीएफ पासबुक को अपडेट कराने, एकेटी कंपनी में कार्यरत असंगठित मजदूरों के वेतन का भुगतान बैंक खाता के माध्यम से करने, पिपरवार क्षेत्र में खेलकूद को बढ़ावा देने समेत अन्य मुद्दों को उठाया गया।
सीसीएल अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक पीएम प्रसाद ने सभी समस्याओं को सुनकर जल्द ही इनका समाधान करने का भरोसा दिया। इस बैठक में आरसीएमएस के पिपरवार क्षेत्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश प्रजापति, जीएम यूनिट के शाखा सचिव बालेश्वर महतो, सुरेंद्र कुमार पांडेय, दिलनवाज अंसारी, एनके एरिया के क्षेत्रीय अध्यक्ष बीएन पांडेय समेत अन्य लोग उपस्थित थे।





