प्रतिनिधि,बगोदर। बगोदर प्रखण्ड के बेको पूर्वी पंचायत अन्तर्गत निचे टोला से होकर गुजरने में लोगों को भय लगता है।लोगों का कहना है कि कुछ दिनों से मधुमक्खियों ने नदी के पार में काफी घने पेड़ पैधे होने के कारण कई स्थानों पर अपना बसेरा बना लिया है। जब भी उधर से लोग गुजरते है तो मधुमक्खियों के झुंड उन पर हमला कर देते है।
घटना को लेकर बताया जाता है कि रामनवमी के दिन सभी लोग अपने अपने काम के लिए नदी तरफ उतरे थे कि इसी दौरान खिरो साव जो करीब 70 वर्ष का वृद्ध है,उस पर हमला बोल दिया। वृद्ध रहने के कारण बेचारा भाग भी नही पाया, जिससे बुरी तरह से डंक मार के गंभीर कर दिया। कई डंक ऑख मे लगी है, इलाज जारी है। वहीं बाइक से गुजर रहे सुरेन्द्र यादव और सुरेश साव पर हमला बोल दिया तो बाइक रास्ते में पटक कर नदी के पानी में जान बचाने के लिए एक घण्टे तक दुबक कर रहे।इधर मधुमक्खी पानी के ऊपर मंडराता रहा। वहीं एक दिन पूर्व योगेन्द्र यादव, केशुलाल यादव,अशोक कुमार यादव पर हमला कर दिया,जिससे केशु लाल यादव की स्थिति गंभीर है। साथ ही अर्जून साव और कृष्णा कुमार पर भी हमला कर दिया।
लोगों का कहना है कि डंक इतना खतरनाक होता है कि डंक लगने के बाद शरीर में बहुत जलन होती है और बाद में बहुत ज्यादा बुखार आ जाता है।जब तक डॉक्टर से इलाज नही कराई जाती है तबतक लोगों को राहत नही मिलती है।वैसे में हाल के दिनो में बगोदर के इलाके में मधुमक्खियों के हमले का मामला काफी बढ गया है। कुछ दिन पूर्व बगोदर सरिया अनुमण्डल कार्यालय परिसर में कुदर के एक युवक की मधुमक्खियों के काटने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद विधायक विनोद सिंह के प्रयास से मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक के परिजनों को सहायता राशि भी दिलाया गया।





